|

मोदी पर गर्व, संघ से जुड़ाव पर उन्हें भी गर्व: दत्तात्रेय होसबाले

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हमें नरेंद्र मोदी पर गर्व है और वे स्वयं भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े होने पर गर्व महसूस करते हैं।

वाशिंग्टन डी.सी. स्थित हड्सन इंस्टीट्यूट में आयोजित एक चर्चा के दौरान दत्तात्रेय होसबाले ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस विषय में भारत सरकार की नीति, सोच और प्रतिक्रिया के साथ संघ पूरी तरह खड़ा है और अलग से कोई राय नहीं रखता।

उन्होंने बताया कि 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के समय से ही उसके नेता और संगठनकर्ता संघ से जुड़े रहे हैं। संघ विचार से प्रेरित आज 40 से अधिक संगठनों का राष्ट्रव्यापी नेटवर्क कार्य कर रहा है।

अमेरिकी डायस्पोरा के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका में रहने वाले भारतवंशियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करते हुए भारतीय संस्कृति की पहचान को सम्मान दिलाएं।

संघ को लेकर भ्रांतियों पर बोलते हुए दत्तात्रेय होसबाले ने स्वीकार किया कि न केवल विदेशों में बल्कि भारत में भी संगठन के बारे में गलतफहमियां मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि संघ अपने शताब्दी वर्ष में ‘पंच परिवर्तन’ के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत का दर्शन पूरे विश्व को एक परिवार के रूप में देखने का संदेश देता है, जो भारतीय संस्कृति का मूल आधार है। इसी विचारधारा के साथ संघ समाज और मानवता की सेवा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

अपनी 100 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संघ की बढ़ती शक्ति अहंकार नहीं बल्कि विनम्रता का भाव उत्पन्न करती है और सेवा की भावना को और मजबूत बनाती है।

वॉल स्ट्रीट जर्नल के स्तंभकार वॉल्टर रसेल मीड के साथ बातचीत में उन्होंने ‘स्वयंसेवक’ और ‘वॉलिन्टियर’ के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि संघ के स्वयंसेवक सेवा को जीवनशैली के रूप में अपनाते हैं, जबकि सामान्य वॉलिन्टियर सीमित समय के लिए कार्य करते हैं।

भारत को लेकर अंतरराष्ट्रीय धारणा पर उन्होंने कहा कि अभी भी कई देशों में भारत के बारे में पुरानी और गलत छवि बनी हुई है, जबकि आज भारत आधुनिकता और विकास के साथ विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

Share

Similar Posts