भोपाल में रंगपंचमी का भव्य चल समारोह: इंदौर की ‘गेर’ की तर्ज पर बरसेगा रंग-गुलाल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस बार रंगपंचमी का पारंपरिक चल समारोह नए रंग और अंदाज के साथ मनाया जाएगा। श्री हिंदू उत्सव समिति की ओर से रविवार सुबह 11 बजे सुभाष चौक स्थित सराफा मार्केट से भव्य जुलूस निकाला जाएगा।
समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि इस वर्ष चल समारोह को इंदौर की प्रसिद्ध ‘गेर’ की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा। जुलूस में ढोल-ताशे, डीजे, बैंड और आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। बड़ी संख्या में लोग पिचकारियों और गुलाल के साथ इसमें शामिल होंगे, जिससे पूरा मार्ग रंगों से सराबोर नजर आएगा।
झांकियां और बाल कृष्ण की पालकी
इस बार चल समारोह में कई आकर्षक झांकियां होंगी। इनमें एक झांकी भारत की क्रिकेट टीम के ICC वर्ल्ड कप जीत का जश्न दिखाएगी, जिसमें युवाओं के हाथों में ट्रॉफी होगी। इसके अलावा भगवान बाल कृष्ण की पालकी भी निकलेगी, जिसमें श्रद्धालु रंग-गुलाल के साथ होली खेलते हुए चलेंगे। संतों की अगुवाई में यह पालकी जुलूस का प्रमुख आकर्षण होगी।
पांच ट्रालों पर सांस्कृतिक झांकियां
करीब दो किलोमीटर लंबे इस चल समारोह में पांच ट्रालों पर अलग-अलग झांकियां सजाई जाएंगी। इनमें राधा‑कृष्ण की होली, भगवान शिव और माता पार्वती की ‘मसान में होली’ थीम शामिल हैं। भवानी चौक पर विशेष मशीनें लगाई जाएंगी, जो रंग और गुलाल की वर्षा करेंगी, जिससे पूरे मार्ग पर अनोखा रंगोत्सव का माहौल बनेगा।
चल समारोह का मार्ग
चाल समारोह सुभाष चौक कोतवाली से शुरू होकर लोहा बाजार, जुनेराती गेट, जनकपुरी, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, भवानी चौक, सोमवारिया, लखेरापुरा, पीपल चौक, चिंतामन चौराहा, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, इतवारा, जैन मंदिर रोड, गणेश चौक मंगलवार, कुंदन नमकीन मार्ग, घोड़ा नक्कार, अग्रवाल पूरी भंडार, छोटे भैया चौराहा होते हुए हनुमान मंदिर गल्ला बाजार थाना हनुमानगंज पर समाप्त होगा।
समिति ने राजधानी के नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर इस पारंपरिक आयोजन को भव्य और यादगार बनाएं।






