भोपाल में नारी शक्ति का महासमागम आज, 20 हजार महिलाओं की भागीदारी; ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज नारी शक्ति महासमागम का भव्य आयोजन होने जा रहा है। एमवीएम मैदान में सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 15 से 20 हजार महिलाओं के शामिल होने का अनुमान है।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण के समर्थन में एक विशाल पदयात्रा भी निकाली जाएगी, जो एमवीएम कॉलेज ग्राउंड (पुरानी विधानसभा) से शुरू होकर रोशनपुरा चौराहे तक पहुंचेगी। इस पदयात्रा में महिलाएं अपने अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान के समर्थन में एकजुटता का प्रदर्शन करेंगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
भारी भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब 350 बसें और 2500 से अधिक चार पहिया वाहन शहर में प्रवेश करेंगे। इनकी पार्किंग के लिए मुख्य रूप से लाल परेड ग्राउंड निर्धारित किया गया है।
ट्रैफिक डायवर्जन प्लान के तहत कई प्रमुख मार्गों पर बदलाव किया गया है—
रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल और सुभाष ओवरब्रिज मार्ग से गुजरेंगे।
जवाहर चौक से आने-जाने वालों को लिंक रोड नंबर-2 का उपयोग करना होगा।
पुराने शहर से भारत टॉकीज, पुल बोगदा, जिंसी और कोर्ट चौराहा मार्ग बेहतर विकल्प रहेंगे।
वीआईपी रोड से नए शहर की ओर जाने के लिए स्मार्ट रोड, भारत माता चौराहा और लिंक रोड-2 का मार्ग तय किया गया है।
शहर की लोकल बसों को भी अलग-अलग चौराहों से होते हुए लाल परेड ग्राउंड तक पहुंचाया जाएगा।
सुबह 10 बजे से कंट्रोल रूम तिराहा, गांधी पार्क, रोशनपुरा चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में भारी ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना जताई गई है।
पार्किंग व्यवस्था के तहत सीहोर से आने वाले वाहनों को रवींद्र भवन परिसर में, राजगढ़ जिले के वाहनों को एमएलए रेस्ट हाउस में और अन्य जिलों के वाहनों को लाल परेड ग्राउंड में पार्क किया जाएगा। मीडिया वाहनों के लिए पुलिस कमिश्नर कार्यालय में विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर सहयोग करें।






