|

भोपाल हाट में 24 से 26 जनवरी तक लगेगा आजीविका ग्रीन मेला, जैविक उत्पाद रहेंगे आकर्षण

शहर के भोपाल हाट में 24 से 26 जनवरी तक तीन दिवसीय आजीविका ग्रीन मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले का आयोजन मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा किया जा रहा है, जिसमें महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार रसायन रहित उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

जनसंपर्क अधिकारी आर.आर. पटेल ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि मेले में मुख्य रूप से महिला स्व-सहायता समूहों की नर्सरियों में तैयार पौधे, फल, सब्जियां, जैविक अनाज, बीज, खाद, जैविक कीटनाशक एवं बागवानी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

इस मेले में भोपाल, रायसेन, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, मंदसौर, विदिशा, ग्वालियर, राजगढ़, सागर, श्योपुर, आगर-मालवा, बैतूल, जबलपुर, नरसिंहपुर और गुना जिलों से महिला समूहों की दीदीयां अपने उत्पाद लेकर पहुंचेंगी। सामग्री की बिक्री के लिए भोपाल हाट में लगभग 40 स्टॉल लगाए जाएंगे।

मेले में शोभादार पौधों में गुलाब, सेवंती, डहेलिया, आस्था से जुड़े पौधों में तुलसी, शमी, बेल, जबकि सब्जी पौधों में टमाटर, मिर्च, गोभी, पत्ता गोभी और ग्राफ्टेड सब्जी पौधों में बैंगन विशेष रूप से उपलब्ध रहेंगे।

उन्नत फलदार पौधों में ग्राफ्टेड आम, अमरूद (थाई पिंक), नींबू (सीडलेस), संतरा, चीकू और अनार खरीदारों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।

इसके अतिरिक्त मेले में जैविक खाद, केंचुआ खाद, नाडेप खाद, धनजीवामृत, द्रव्यजीवामृत और जैविक कीटनाशकों में नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, अग्नि अस्त्र, पांचपर्णी और दशपर्णी काढ़ा उपलब्ध रहेगा।

एकीकृत कीट नियंत्रण सामग्री के तहत नीला और पीला स्टिकी ट्रैप, फेरोमोन ट्रैप और लाई ट्रैप भी मेले में मिलेंगे। इसके साथ ही मिट्टी और गोबर के गमले, रूट ट्रे, कोको पिट, खुरपी, सिकेटियर और बडिंग चाकू जैसी नर्सरी सामग्री भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगी।

मेले में आने वाले लोगों के लिए फ्रेश जूस, फ्रूट सलाद और हर्बल पेय भी विशेष आकर्षण रहेंगे। आजीविका ग्रीन मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।

Share

Similar Posts