भोपाल में बारिश की कामना के लिए गधों को खिलाए गए गुलाब जामुन, MP के 44 जिलों में बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 44 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि डिंडौरी और उमरिया में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, 19 जुलाई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया और सक्रिय ट्रफ के कारण प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना लो-प्रेशर एरिया आगे बढ़ रहा है। इससे वातावरण में नमी लगातार बढ़ रही है और सिस्टम मजबूत होने के साथ बारिश की गतिविधियां भी तेज होंगी।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
अगले 24 घंटों के दौरान डिंडौरी और उमरिया में भारी बारिश की संभावना है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बुरहानपुर, खरगोन, खंडवा, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
वहीं श्योपुर, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन, आगर-मालवा, रतलाम, नीमच और मंदसौर में मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है।
भोपाल में बारिश के लिए गधों को खिलाए गए गुलाब जामुन
इधर राजधानी भोपाल में कई दिनों से तेज बारिश नहीं होने के कारण लोगों ने एक अनोखी परंपरा निभाई। कोलार रोड स्थित गेस्ट हाउस के पास शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने गधों को गुलाब जामुन खिलाकर अच्छी बारिश की प्रार्थना की। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह वर्षों पुरानी लोक मान्यता है। मान्यता है कि जब मानसून कमजोर पड़ जाता है या समय पर बारिश नहीं होती, तब ऐसे प्रतीकात्मक उपायों से इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और अच्छी वर्षा होती है। इसी विश्वास के साथ लोगों ने गधों को मिठाई खिलाई और प्रदेश में अच्छी बारिश तथा किसानों की समृद्धि की कामना की।