भतीजे के प्यार में पागल मौसी ने खाया जहर..मौत: SGMH रीवा में चल रहा था इलाज; पिता ने कहा- बेटी को प्रताड़ित कर रहा था

मऊगंज। प्रेम प्रसंग के चलते लक्ष्मी कुशवाहा ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका लक्ष्मी कुशवाहा (21) पिता इतराज कुशवाहा, खुजुआ सुखदेव सिंह थाना लौर की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार लक्ष्मी का प्रेम संबंध अमर कुशवाहा उर्फ छोटू (24) पिता सुशील कुशवाहा, निवासी ग्राम गोदरी, थाना गढ़ से था। दोनों रिश्ते में मौसी-भतीजे लगते थे।
25 जुलाई को खाया था जहरीला पदार्थ
परिजनों के मुताबिक 25 जुलाई को लक्ष्मी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था।
पिता ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता इतराज कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि अमर कुशवाहा उनकी बेटी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। उनका कहना है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर लक्ष्मी ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
कई दिन तक चला इलाज, फिर हुई मौत
अस्पताल में कई दिनों तक इलाज चलने के बाद शनिवार को लक्ष्मी ने दम तोड़ दिया। युवती की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजन आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।