गुवाहाटी में भारत कौशल 2025-26 की पूर्वोत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता का शुभारंभ

भारत कौशल 2025-26 की पूर्वोत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता का आज गुवाहाटी विश्वविद्यालय में भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने किया।
इस प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों के युवा प्रतिभागी 26 विभिन्न कौशल श्रेणियों में अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को कौशल आधारित रोजगार और उद्यमिता के लिए तैयार करना है।
भारत कौशल केवल प्रतियोगिता नहीं, कौशल का उत्सव : जयंत चौधरी
उद्घाटन समारोह में गुवाहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नानी गोपाल महंता, असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त सचिव हिना उस्मान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जयंत चौधरी ने कहा कि भारत कौशल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और काम की गरिमा का उत्सव है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के युवा भारत की कुशल कार्यबल का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
नई शिक्षा नीति से रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा
जयंत चौधरी ने बताया कि नई शिक्षा नीति 2020 के तहत शिक्षा और कौशल विकास को जोड़ने से रोजगार और स्टार्टअप के नए अवसर पैदा होंगे। प्रतियोगिता में कुल 162 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
26 कौशल श्रेणियों में मुकाबला
प्रतियोगिता में निम्नलिखित प्रमुख कौशल श्रेणियां शामिल हैं —
ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी, क्लाउड कंप्यूटिंग, मोबाइल ऐप डेवलपमेंट, फैशन टेक्नोलॉजी, बेकरी, होटल रिसेप्शन, रेस्टोरेंट सर्विस, स्वास्थ्य एवं सामाजिक देखभाल, रिटेल सेल्स, विजुअल मर्चेंडाइजिंग सहित अन्य तकनीकी और सेवा क्षेत्र।
तकनीकी क्षेत्रों में महिलाओं की मजबूत भागीदारी
इस प्रतियोगिता की एक खास बात यह है कि महिलाएं बड़ी संख्या में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, वेल्डिंग और इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन जैसे तकनीकी क्षेत्रों में हिस्सा ले रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण और स्किल इंडिया मिशन की सफलता को दर्शाता है।
विजेताओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच का मौका
प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को आगे राष्ट्रीय स्तर की भारत कौशल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहीं, चयनित प्रतिभागी सितंबर 2026 में शंघाई में होने वाली वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।






