|

संभावित जलजनित संक्रमण से भागीरथपुरा प्रभावित, महापौर पुष्यमित्र भार्गव पहुंचे रहवासियों के बीच

इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में संभावित जलजनित संक्रमण से उत्पन्न स्वास्थ्य संकट को गंभीरता से लेते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित रहवासियों से सीधे मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में यह मामला बैक्टीरियल इन्फेक्शन का प्रतीत हो रहा है, जिसके चलते क्षेत्र में उल्टी-दस्त और लूज मोशन के मामलों में वृद्धि हुई है।

महापौर के अनुसार बीते कुछ दिनों में 70 से अधिक रहवासी बीमार हुए हैं, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से 30–35 लोग उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि शेष मरीजों का इलाज जारी है। महापौर ने देर रात अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से चर्चा की। डॉक्टरों ने भी संक्रमण को ही बीमारी का मुख्य कारण बताया है।

दौरे के दौरान जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, स्थानीय पार्षद कमल वाघेला, पार्टी पदाधिकारी एवं नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। टीम द्वारा घर-घर जाकर रहवासियों से संवाद किया गया। महापौर ने बताया कि जल आपूर्ति से जुड़े सभी आवश्यक सैंपल ले लिए गए हैं। रहवासियों के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार से संक्रमण फैलना शुरू हुआ।

महापौर ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए उबला हुआ या गर्म पानी पीने की सलाह दी। साथ ही पीएचई विभाग, स्वास्थ्य विभाग और मलेरिया विभाग की टीमें क्षेत्र में तैनात कर दी गई हैं। जहां ड्रेनेज का पानी पेयजल में मिलने की आशंका है, वहां तत्काल निरीक्षण कर सुधार कार्य के निर्देश दिए गए हैं।

अस्पताल प्रबंधन को सभी मरीजों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम भी अलग से तैनात की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके। महापौर ने आश्वासन दिया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share

Similar Posts