बड़वानी SP से की शिकायत तो बेल्ट से पीटा: फावड़ा उठा कर पीठ पर मारा; बाल पकड़ कर महिला को घसीटा, रास्ते का है विवाद

बड़वानी। दबंगों ने रास्ते के विवाद को लेकर पति-पत्नी और उसके बेटे के साथ घर में घुसकर मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
30 सेकंड के वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी गोपाल सिंह गौड़ के साथ उसके दो अन्य साथी धरनालाल और राकेश हैं। वह किसान मुकेश के साथ मारपीट कर रहे हैं।
30 सेकंड में मारा 20 से 25 बेल्ट
इधर गोपाल सिंह गौड़ मुकेश के साथ पहले झूमाझटकी करता है। फिर 20 से 25 बेल्ट मारता है। इसके बाद फावड़ा उठाकर पीठ में मार देता है। बीच-बचाव करने पहुंची मुकेश की पत्नी का तीनों आरोपी बाल पकड़ते हैं और घसीटने लगते हैं। घटना राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोइडिया की है।
एसपी ऑफिस में दो बार कर चुका शिकायत
पीड़ित मुकेश का कहना है कि मारपीट की वारदात दो बार हो चुकी है। शिकायत स्थानीय थाने में करते हैं तो पुलिस कार्रवाई नहीं करती है। दबंग लोगों की थाने पहचान है। मैं एसपी ऑफिस गया। यहां भी दो बार शिकायत दर्ज करा चुका हूं। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।

शिकायत करने के बाद घर पहुंचे थे आरोपी
पीड़ित मुकेश ने बताया कि गांव में रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। इस संबंध में शिकायत की थी इसी वजह से नाराज होकर गांव के तीन लोग घर पहुंचे और मारपीट करने लगे।

थाने में नहीं होती सुनवाई
मुकेश का आरोप है कि घटना की शिकायत थाने में की थी। लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

वीडियो सामने आने के बाद केस दर्ज
राजपुर थाना पुलिस के अनुसार घटना का वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।