बारिश से खराब हुआ खेत का रास्ता: डिप्टी कलेक्टर-तहसीलदार ट्रैक्टर से पहुंचे; ग्रामीणों से की चर्चा

धार। कंजरवा में रास्ता विवाद को लेकर प्राप्त आवेदन पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। डिप्टी कलेक्टर पंकज परमार और तहसीलदार दिनेश उइके ने संयुक्त रूप से विवादित मार्ग की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

बारिश के कारण खेत तक पहुंचना हुआ मुश्किल
बारिश की वजह से खेत तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह खराब हो गया था। रास्ते में ज्यादा कीचड़ होने से सामान्य वाहन वहां नहीं पहुंच पा रहे थे। इसलिए डिप्टी कलेक्टर और तहसीलदार को ट्रैक्टर से खेत तक जाना पड़ा।

ट्रैक्टर से मौके पर पहुंचे अधिकारी
अधिकारियों ने मुश्किल हालात के बावजूद खेत तक पहुंचकर विवादित रास्ते को देखा। उन्होंने शिकायत करने वाले व्यक्ति और आसपास के ग्रामीणों से बात कर पूरे मामले की जानकारी ली। दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद रास्ते की मौजूदा स्थिति और उससे जुड़े राजस्व रिकॉर्ड की भी जांच की।
ग्रामीणों ने प्रशासनिक पहल की सराहना की
ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों के इस प्रयास की सराहना की। उनका कहना था कि खराब मौसम और दुर्गम रास्ते के बावजूद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समस्या को गंभीरता से सुना, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।
जल्द उचित कार्रवाई का दिया आश्वासन
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर नियमानुसार जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को खेत तक आने-जाने में हो रही परेशानी का समाधान किया जा सके।