बांधवगढ़ में बाघ का मिला शव: वन विभाग ने कराया अंतिम संस्कार; मौत के कारण की वन विभाग जांच कर रहा है

उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र में रूटीन जांच के दौरान एक बाघ का शव मिला। रविवार दोपहर बाद बीट मानपुर में शव मिलने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया।वन विभाग के अनुसार कम समय के कारण रविवार रात शव को मौके पर ही निगरानी में रखा गया।
सोमवार सुबह डॉग स्क्वाड की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। साथ ही मेटल डिटेक्टर से घटनास्थल की गहन जांच की गई। आसपास के क्षेत्र में हाथियों से भी सर्च ऑपरेशन कराया गया, लेकिन कोई ऐसा सामन नहीं मिला जिससे उसको मारा गया हो।
शव परीक्षण में दांत और नाखून सुरक्षित मिले
मृत बाघ का पोस्टमार्टम बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तोमर और संजय टाइगर रिजर्व के वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अभय सेंगर ने किया। जांच में बाघ के सभी दांत और नाखून सुरक्षित पाए गए।
वन विभाग ने बताया कि मृत बाघ का लिंग स्पष्ट नहीं हो सका, जबकि उसकी अनुमानित आयु 4 से 5 वर्ष आंकी गई है। पोस्टमार्टम के बाद विसरा रिपोर्ट सुरक्षित कर वैज्ञानिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
NTCA की SOP के अनुसार हुई पूरी कार्रवाई
पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाघ के शव का नियमानुसार दाह संस्कार किया गया।
वन विभाग के मुताबिक पूरी कार्रवाई NTCA की तय प्रक्रिया के अनुसार की गई। मौके पर NTCA के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, नायब तहसीलदार और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।