बलोचिस्तान में पाकिस्तान सेना का अभियान समाप्त, 133 विद्रोही और 15 सुरक्षाकर्मी मारे गए

बलोचिस्तान में विद्रोहियों के खिलाफ पाकिस्तान सुरक्षा बलों द्वारा चलाया गया सैन्य अभियान समाप्त हो गया है। पाकिस्तान सशस्त्र बलों के जनसंपर्क विभाग Inter Services Public Relations (आईएसपीआर) के अनुसार, दो दिन चले इस अभियान में 133 विद्रोही मारे गए, जबकि 15 सुरक्षाकर्मियों ने अपनी जान गंवाई।
रावलपिंडी स्थित आईएसपीआर मुख्यालय से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि इस अभियान का उद्देश्य बलोचिस्तान के विभिन्न इलाकों में सक्रिय विद्रोही गुटों की क्षमता को कमजोर करना था। अभियान के तहत क्वेटा, मस्तुंग, नुश्की, दलबादिन, खारान, पंजगुर, टंप, ग्वादर और पसनी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को निशाना बनाया गया।
आईएसपीआर ने आरोप लगाया कि विद्रोहियों ने अभियान से एक दिन पहले ग्वादर और खारान जिलों में जानबूझकर आम नागरिकों को निशाना बनाया था, जिसमें 18 निर्दोष लोगों की मौत हुई। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने संयुक्त रूप से व्यापक कार्रवाई शुरू की।
विज्ञप्ति के अनुसार, सुरक्षा बलों को लगातार दो दिनों तक सशस्त्र विद्रोहियों से भीषण मुठभेड़ों का सामना करना पड़ा। इस दौरान विद्रोहियों के कई ठिकानों को ध्वस्त किया गया और उनके नेटवर्क को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
पाकिस्तान सेना ने दावा किया है कि यह अभियान क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, बलोचिस्तान में लंबे समय से जारी विद्रोह और हिंसा को देखते हुए स्थिति अब भी संवेदनशील बनी हुई है।






