| |

‘आशुतोष मेरे अनुज हैं, हमारे बीच कभी कटुता नहीं’: उपचुनाव बाद सोशल मीडिया चर्चाओं पर नरोत्तम मिश्रा ने दी सफाई

दतिया। उपचुनाव के बाद सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को लेकर पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही झूटी बातें पूरी तरह गलत है। सोशल मीडिआ पोस्ट में डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने लिखा कि आशुतोष तिवारी उनके अनुज हैं और उनके प्रति हमेशा स्नेह और आत्मीयता रही है।

उन्होंने कहा कि दोनों के बीच न कभी कोई कटुता थी और न ही आज है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई मुलाकात भी पहले की तरह गर्मजोशी और अपनत्व के साथ हुई।

आशुतोष को बताया मेहनती कार्यकर्ता
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आशुतोष तिवारी को भारतीय जनता पार्टी का कर्मठ, समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में डबरा विधानसभा चुनाव के समय से ही उन्होंने आशुतोष तिवारी को एक ईमानदार कार्यकर्ता के रूप में देखा है और उनकी कार्यशैली को करीब से जानते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आशुतोष तिवारी संगठन और जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। साथ ही कहा कि चुनाव परिणाम के बाद आशुतोष तिवारी ने किसी के नाम का उल्लेख कर नाराजगी नहीं जताई, जो उनके संस्कार और सभी कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान को दर्शाता है।

समर्थकों से की संयम बरतने की अपील
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से कहा की कि वे ऐसा कोई कार्य, टिप्पणी या व्यवहार न करें, जिससे पार्टी, संगठन या आशुतोष तिवारी को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत एकजुटता, अनुशासन और संस्कार हैं।

उन्होंने कहा कि आशुतोष तिवारी और उनके परिवार के बीच 25 वर्षों का रिश्ता है। राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन परिवार, संस्कार और रिश्ते हमेशा बने रहते हैं।

Share