अष्टमी गंगा स्नान पर उमड़ी श्रद्धा की भीड़, करतोया नदी में हजारों श्रद्धालुओं ने किया पवित्र स्नान

अष्टमी के पावन अवसर पर जिले के राजगंज स्थित आमबाड़ी में करतोया नदी तट पर पारंपरिक गंगा स्नान का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। सुबह से ही घाट और आसपास के क्षेत्रों में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों से आए भक्तों ने पवित्र स्नान कर पुण्य अर्जित किया। इस आयोजन का संचालन आमबाड़ी गंगा संघ क्लब द्वारा किया गया, जो इस वर्ष अपने 57वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।
अष्टमी स्नान के साथ ही सात दिवसीय मेले की भी शुरुआत हो गई है, जो 1 अप्रैल तक चलेगा। मेले का उद्घाटन राजगंज के पूर्व विधायक खगेश्वर राय ने किया, जिसमें कई स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी में स्पीड बोट तैनात की है। साथ ही महिलाओं के लिए अलग चेंजिंग रूम सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हर वर्ष की तरह इस बार भी Ashtami Ganga Snan और मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिल रहा है।






