‘अभी मस्ती खत्म नहीं हुई’: कपिल शर्मा ने किया सीजन 5 का ऐलान; 26 सितंबर से ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ शुरू

मुंबई। कपिल शर्मा एक बार फिर अपने कॉमेडी शो के साथ लौट रहे हैं। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का सीजन 5 जल्द ही Netflix पर शुरू होगा। कपिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर शो का नया प्रोमो शेयर कर इसकी जानकारी दी है। शो का नया सीजन 26 सितंबर से शुरू होगा। इसके नए एपिसोड हर शनिवार रात 8 बजे Netflix पर स्ट्रीम किए जाएंगे।
इस बार होगा ‘कॉमेडी का त्योहार’
नए सीजन को इस बार ‘फेस्टिवल ऑफ कॉमेडी’ के तौर पर प्रमोट किया जा रहा है। प्रोमो में शो की पूरी टीम मजेदार अंदाज में वापसी का ऐलान करती नजर आई। शो में कपिल शर्मा के साथ सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और अर्चना पूरन सिंह नजर आएंगे। प्रोमो में नवजोत सिंह सिद्धू भी टीम के साथ दिखाई दिए।

कपिल बोले- अभी हमारा काम खत्म नहीं हुआ
शो की वापसी पर कपिल शर्मा ने कहा कि हर सीजन के बाद उन्हें लगता है कि उन्होंने काफी मस्ती कर ली है। लेकिन फिर उन्हें लगता है कि अभी बहुत कुछ करना बाकी है। कपिल ने दर्शकों का शुक्रिया भी किया। कहा दुनिया भर के दर्शकों ने शो को बहुत प्यार दिया है। इस बार शो में दिवाली और क्रिसमस जैसे त्योहारों का रंग भी देखने को मिलेगा। कपिल ने मजाकिया अंदाज में अर्चना पूरन सिंह के लिफाफे को लेकर भी मजाक किया।
सेलिब्रिटी गेस्ट और कॉमेडी का तड़का
सीजन 5 में भी शो का फॉर्मेट पहले जैसा ही रहेगा। इसमें सेलिब्रिटी बातचीत, कॉमेडी स्केच, मस्ती और मजेदार नोकझोंक देखने को मिलेगी। शो में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े सेलिब्रिटीज और चर्चित चेहरे गेस्ट के तौर पर नजर आ सकते हैं।
मार्च में खत्म हुआ था सीजन 4
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का चौथा सीजन 14 मार्च 2026 को खत्म हुआ था। इसके कुछ ही महीनों बाद कपिल ने नए सीजन का ऐलान कर दिया है। अब दर्शकों को 26 सितंबर का इंतजार है, जब शो का नया सीजन Netflix पर शुरू होगा।