जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जोहान्सबर्ग पहुंचेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जोहान्सबर्ग पहुंचेंगे। दक्षिण अफ्रीका की यह उनकी चौथी आधिकारिक यात्रा होगी। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी 2016 में द्विपक्षीय यात्रा पर दक्षिण अफ्रीका गए थे। इसके बाद उन्होंने 2018 और 2023 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलनों में भी भाग लिया था। इस यात्रा को भारत-दक्षिण अफ्रीका संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जोहान्सबर्ग में होने वाला यह जी-20 शिखर सम्मेलन कई कारणों से खास है। यह लगातार चौथा अवसर है जब किसी विकासशील देश में जी-20 सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इससे उभरती अर्थव्यवस्थाओं, वैश्विक दक्षिण और विकासशील देशों के मुद्दों को वैश्विक एजेंडा में प्रमुखता मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी इन महत्वपूर्ण विषयों पर भारत की दृष्टि को साझा करेंगे और वैश्विक सहयोग को गहरा करने पर जोर देंगे।
इस शिखर सम्मेलन में विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता वैश्विक अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन, डिजिटल नवाचार, खाद्य सुरक्षा और भू-राजनीतिक मुद्दों जैसे प्रमुख विषयों पर चर्चा करेंगे। भारत अपने ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ और ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’ के संदेश के साथ वैश्विक एजेंडा में संतुलन और स्थिरता लाने का प्रयास करेगा।
दक्षिण अफ्रीका में मौजूद भारतीय समुदाय भी प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को लेकर उत्साहित है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह शिखर सम्मेलन भारत-साउथ अफ्रीका साझेदारी को नई गति देगा और दोनों देशों के आर्थिक एवं सामरिक संबंधों को और मजबूत करेगा।






