राज्यपाल मंगुभाई पटेल को म.प्र. लोक सेवा आयोग का 68वां वार्षिक प्रतिवेदन भेंट, आयोग ने बताया उपलब्धियों का ब्यौरा

इंदौर, 05 नवम्बर 2025
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के अध्यक्ष डॉ. राजेशलाल मेहरा, सदस्य डॉ. नरेन्द्र कोष्ठी, सचिव श्रीमती राखी सहाय और परीक्षा नियंत्रक डॉ. वी. के. गुप्ता ने बुधवार को राजभवन में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को आयोग का 68वां वार्षिक प्रतिवेदन भेंट किया।
राज्यपाल श्री पटेल को आयोग के अध्यक्ष डॉ. मेहरा ने आयोग की वर्ष 2024-25 की कार्यप्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवधि में आयोग ने राज्य शासन के विभिन्न विभागों में 5,581 पदों के लिए कुल 71 विज्ञापन जारी किए। साथ ही राज्य सेवा परीक्षा और राज्य वन सेवा परीक्षा 2023, 2024 और 2025 की प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षाओं का सफल आयोजन किया गया।
इसके अतिरिक्त आयोग ने द्विस्तरीय परीक्षाओं और राज्य पात्रता परीक्षा का भी संचालन किया। वर्ष 2024-25 में विभिन्न विभागों के पदों के लिए 6,260 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया और कुल 1,479 अभ्यर्थियों का चयन कर अनुशंसा शासन को भेजी गई।
डॉ. मेहरा ने राज्यपाल को बताया कि आयोग ने पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए कई नवाचार किए हैं। इसके तहत ई-न्यूज लेटर ‘संवदिया’ का प्रकाशन प्रारंभ किया गया है ताकि अभ्यर्थियों को आयोग की गतिविधियों की जानकारी मिल सके। वहीं, विषय विशेषज्ञों की भर्ती के लिए ‘विषय विशेषज्ञ पोर्टल’ शुरू किया गया है। राज्य सेवा मुख्य परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अब ऑनस्क्रीन मार्किंग प्रणाली से किया जा रहा है, जिससे निष्पक्षता और पारदर्शिता में वृद्धि हुई है।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने आयोग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पारदर्शी और तकनीकी रूप से उन्नत चयन प्रक्रिया से राज्य की प्रशासनिक गुणवत्ता में सुधार होगा।






