इंदौर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: एम.आर. 9 से एल.आई.जी. लिंक रोड चौड़ीकरण में बाधक 140 मकान हटाए गए

इंदौर, 4 नवंबर 2025 —
इंदौर नगर निगम ने मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित एम.आर. 9 से एल.आई.जी. लिंक रोड चौड़ीकरण कार्य में बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव के निर्देशानुसार आज नगर निगम के रिमूवल विभाग ने मालवीय नगर गली नंबर 2 क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण में बाधक 140 से अधिक मकानों को हटाया।
सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत यह कदम लंबे समय से अवरुद्ध मार्ग को मुक्त कराने के लिए उठाया गया। निगम ने कार्रवाई के दौरान 5 जेसीबी मशीनें और 5 पोकलेन मशीनें लगाई, जिससे निर्माण कार्य के लिए मार्ग पूरी तरह साफ कराया जा सका।
कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी श्री विनोद अग्रवाल, भवन निरीक्षक श्री सचिन गहलोत, रिमूवल सहायक श्री बबलू कल्याणे, नगर निगम का पूरा रिमूवल अमला और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। निगम अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई मास्टर प्लान के अनुरूप सड़क चौड़ीकरण और यातायात सुगमता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक थी।






