तेलंगाना सरकार की बड़ी घोषणा: चक्रवात मोन्था पीड़ित परिवारों को मिलेगी 5-5 लाख की सहायता राशि

हैदराबाद, 31 अक्टूबर 2025
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने चक्रवात मोन्था से प्रभावित लोगों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि चक्रवात और भारी बारिश के कारण मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा जिन परिवारों के घर पानी में डूब गए, उन्हें 15 हज़ार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेड्डी ने सबसे अधिक प्रभावित लोगों के लिए इंदिराम्मा आवास योजना के तहत नए घरों की मंजूरी दी है। साथ ही, पशुधन और फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए विशेष सहायता पैकेज की भी घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने कल वारंगल और हुस्नाबाद विधानसभा क्षेत्रों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और नुकसान का विस्तृत आकलन रिपोर्ट जल्द तैयार करने के निर्देश दिए।
रेवंत रेड्डी ने अगले 10 से 15 दिनों तक सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने का आदेश जारी किया ताकि राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और जिला कलेक्टरों को प्रभावित इलाकों का जमीनी निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।






