छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने रजनीश सिंह बघेल, युवा अधिवक्ताओं में उत्साह

रजनीश सिंह बघेल को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ (हाईकोर्ट बार एसोसिएशन) के निर्वाचन वर्ष 2026–2028 के चुनाव में अध्यक्ष पद पर विजयी घोषित किया गया है। बिलासपुर स्थित हाईकोर्ट बार की कमान एक युवा अध्यक्ष के हाथों में आने से युवा अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में बघेल ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव श्रीवास्तव को 137 वोटों के अंतर से हराया। वहीं सचिव पद पर अनिल त्रिपाठी निर्वाचित हुए।

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के इस चुनाव में कुल 17 पदों के लिए मतदान हुआ, जिसमें 61 प्रत्याशी मैदान में थे। अध्यक्ष पद के लिए 7 उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। उपाध्यक्ष (वरिष्ठ) पद के लिए 6 तथा उपाध्यक्ष (महिला) पद के लिए 4 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे। सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष और अन्य पदों पर भी कांटे की टक्कर देखने को मिली।

2026–2028 कार्यकाल के लिए कुल 1419 मतों में से 1214 मत पड़े। मतदान के बाद शुक्रवार को सुबह 11 बजे से मतगणना शुरू हुई और देर शाम परिणाम घोषित किए गए।

घोषित परिणामों के अनुसार वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर गौतम खेत्रपाल और महिला उपाध्यक्ष के रूप में माण्डवी भारद्वाज विजयी रहीं। सह सचिव पद पर विजय कुमार साहू तथा महिला सह सचिव के रूप में आस्था शुक्ला चुनी गईं।

कोषाध्यक्ष पद पर हर आशा पूरन सिंह भाटिया ने जीत दर्ज की। ग्रंथालय सचिव के रूप में राहुल कुमार मिश्रा निर्वाचित हुए, जबकि क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव (वरिष्ठ) अमन पाण्डेय और क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव (महिला) प्रज्ञा पाण्डेय चुनी गईं। इसके अलावा सात कार्यकारिणी सदस्यों का भी निर्वाचन संपन्न हुआ।

नए अध्यक्ष के रूप में रजनीश सिंह बघेल के नेतृत्व से बार एसोसिएशन में युवा ऊर्जा और नए दृष्टिकोण की उम्मीद की जा रही है। अधिवक्ताओं का मानना है कि इससे संगठन की कार्यशैली और अधिक सक्रिय तथा प्रभावी होगी।

Share

Similar Posts