देश में अब तक 10 हजार एफपीओ स्थापित — शिवराज सिंह चौहान बोले, ‘52 लाख किसान हुए लाभान्वित’

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर 2025
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश में अब तक 10 हज़ार किसान उत्पादक संगठन (FPO) स्थापित हो चुके हैं। इनमें से कई संगठनों ने सफलता की नई मिसाल कायम की है, जिनमें कुछ का कारोबार ₹100 करोड़ तक पहुँच गया है।
नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय एफपीओ समागम 2025 को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने बताया कि अब तक 1100 एफपीओ करोड़पति बन चुके हैं और इन संगठनों से 52 लाख किसान प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में 2 करोड़ किसानों तक पहुंचने का है।
कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एकीकृत कृषि (Integrated Farming) को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि यह न केवल किसानों की आय को विविध बनाएगा बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त करेगा।
श्री चौहान ने घोषणा की कि सरकार उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र ही बीज अधिनियम (Seed Act) लाने जा रही है। उन्होंने कहा कि बीजों की गुणवत्ता कृषि उत्पादन की रीढ़ है और इसका सीधा असर फसल की उत्पादकता पर पड़ता है।
कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें 50 प्रतिशत हिस्सेदारी देने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं कृषि उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन में अभूतपूर्व योगदान दे रही हैं और यह कदम उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक साबित होगा।
एफपीओ समागम 2025 में देश के 24 राज्यों और 140 जिलों से आए 500 से अधिक किसानों, एफपीओ प्रतिनिधियों और क्लस्टर-आधारित व्यावसायिक संगठनों ने भाग लिया। इस दौरान नवाचार, बाजार विस्तार, वित्तीय सहयोग और नीति सुधारों पर भी व्यापक चर्चा हुई।
इस आयोजन का उद्देश्य किसानों को संगठित कर उन्हें एक सशक्त आर्थिक इकाई के रूप में विकसित करना और कृषि को उद्यमशीलता से जोड़ना है।






