मंत्री डॉ. विजय शाह ने मृतकों के परिजनों से भेंट कर संवेदना प्रकट की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह शुक्रवार को पंधाना तहसील के ग्राम जामली राजगढ़ पहुँचे। यहाँ उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।
डॉ. शाह ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया और घायलों के इलाज को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज खंडवा के अधीक्षक डॉ. रंजीत बडोले से फोन पर चर्चा कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली और जरूरत पड़ने पर उन्हें इंदौर उच्च स्तरीय उपचार हेतु रेफर करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर एयरश्री एम्बुलेंस सुविधा का उपयोग किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिवार की बेटियों—सोनू और पिंकी खरते—का अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के छात्रावास में प्रवेश कराने के भी निर्देश जारी किए।






