अनंत चतुर्दशी झांकी समारोह: पूरा रूट तय कराने की मांग; नंदलालपुरा से लौटने पर रोक की अपील

इंदौर। अनंत चतुर्दशी के पारंपरिक झांकी चल समारोह में शामिल झांकियों को निर्धारित पूरे मार्ग से निकालने की मांग की गई है। इसे लेकर धर्म योद्धा संगठन के सचिव मयंक राठौर ने कलेक्टर को ज्ञापन दिया। उन्होंने झांकियों के बीच रास्ते से वापस लौटने की पर रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इंदौर का अनंत चतुर्दशी झांकी चल समारोह शहर की वर्षों पुरानी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा है। झांकियों का कारवां रात से शुरू होकर सुबह तक चलता रहा है। हर साल बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ झांकियां देखने पहुंचते हैं।
नंदलालपुरा से वापस लौटने की शिकायत
ज्ञापन में बताया गया कि कुछ सालों से कुछ झांकियां निर्धारित रूट तय नहीं करतीं है। विशेष रूप से नंदलालपुरा क्षेत्र के आसपास से रास्ता बदलकर वापस लौट जाती हैं। इससे आगे के मार्ग पर झांकियों का इंतजार कर रहे लोगों को उनका प्रदर्शन देखने का मौका नहीं मिल पाता।
आयोजकों की तैयारियां भी प्रभावित होती है
इसके अलावा आगे के क्षेत्रों में झांकियों के स्वागत के लिए लगाए गए मंच और आयोजकों की तैयारियां भी प्रभावित होती हैं। ज्ञापन में कहा गया कि झांकी, अखाड़े और बैंड दलों के स्वागत के लिए संस्थाएं अपने स्तर पर व्यवस्था करती हैं, इसलिए सभी झांकियों को पूरे मार्ग से निकालना जरूरी है।

पूरे मार्ग पर निगरानी की मांग
मयंक राठौर ने प्रशासन से मांग की है कि सभी झांकी समितियों को पहले ही पूरे निर्धारित मार्ग का पालन करने के निर्देश दिए जाएं। पुलिस और प्रशासन द्वारा मार्ग पर निगरानी और समन्वय की व्यवस्था भी की जाए। यातायात या कानून-व्यवस्था की किसी आपात स्थिति में मार्ग बदलना जरूरी हो तो प्रशासन द्वारा इसकी जानकारी पहले से झांकी समितियों और आम लोगों को दी जाए।
राजवाड़ा तक पहुंचने की मांग
ज्ञापन में झांकियों को मालवा मिल क्षेत्र से शुरू होकर चिकमंगलूर चौराहा, जेल रोड, एमजी रोड, मृगनयनी मार्ग, फ्रूट मार्केट, नंदलालपुरा, जवाहर मार्ग, नृसिंह बाजार, शीतला माता बाजार, क्लॉथ मार्केट, गौराकुंड, खजूरी बाजार होते हुए राजवाड़ा और नगर निगम की ओर से निर्धारित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।