|

अलीराजपुर में नई सीसी सड़क उखड़ी: पार्षद ने जांच की मांग की; कहा- ठेकेदार का भुगतान रोका जाए

अलीराजपुर। नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-4 में मुस्लिम जमात खाने से ईदगाह तक बनाई गई सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) सड़क निर्माण के कुछ समय बाद ही उखड़ने और सतह खराब होने की शिकायत सामने आई है।

मामले को लेकर वार्ड पार्षद नजमा खान ने नगर परिषद अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।

पार्षद नजमा खान के मुताबिक सड़क निर्माण के दौरान ही उन्होंने संबंधित ठेकेदार से कार्य की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया।

अब सड़क के उखड़ने की स्थिति सामने आने के बाद उन्होंने मांग की है कि पहले सड़क को गुणवत्तापूर्ण तरीके से दुरुस्त कराया जाए और जांच पूरी होने तक ठेकेदार का भुगतान नहीं किया जाए।

सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग
मामले में विधायक प्रतिनिधि निर्मल सिंह उर्फ मोनू बाबा ने भी सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी नई सड़क के कुछ हिस्सों के खराब होने को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया गया है तो सड़क इतनी जल्दी खराब नहीं होनी चाहिए।

जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
शिकायत के बाद नगर परिषद ने मामले की जांच कराने की बात कही है। सीएमओ प्रिया मेड़ा ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और सड़क की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि निर्माण कार्य में कमी पाई जाती है तो नियमानुसार संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जांच के बाद साफ होगी स्थिति 
फिलहाल सड़क की गुणवत्ता को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच होना बाकी है। अब जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन हुआ या नहीं और यदि कमी मिली तो जिम्मेदारी किसकी तय होती है।

Share