| |

उज्जैन में माता वैष्णो देवी थीम पर बने पंडाल में आग: खंडित हुई 11 फिट की गणेश प्रतिमा; कोई जनहानी नहीं

उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित संत राम सिंधी कॉलोनी में बुधवार शाम गणेश पंडाल में आग लग गई। थोड़ी देर में आग बहुत तेजी से फैल गई। पंडाल का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया। अंदर स्थापित 11 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा भी आग की वजह से खंडित हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मशक्कत कर आग को नियंत्रित किया।

समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान पंडाल में कोई मौजूद नहीं था और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

माता वैष्णो देवी की थीम पर तैयार किया था पंडाल
माता वैष्णो देवी की थीम पर तैयार किया गया यह गणेश पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। यहां भगवान गणेश के साथ उनकी बहन अशोक सुंदरी की प्रतिमा भी विराजित की गई थी। आकर्षक सजावट और धार्मिक माहौल के चलते रोजाना आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग दर्शन और पंडाल देखने पहुंच रहे थे।

25 वर्षों से कर रहे आयोजन 
गणेश पंडाल में लगी भीषण आग के कारण वहां स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई और खंडित हो गई। इसके बाद पंडाल समिति ने धार्मिक परंपरा के अनुसार प्रतिमा का विसर्जन कर दिया। समिति से जुड़े लोगों के मुताबिक, यह मंडल 25 वर्षों से गणेश उत्सव के दौरान भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना करता आ रहा है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम को मौके पर बुलाया गया। आग की चपेट में आने से पंडाल का सजावटी सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई, जबकि गणेश प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी पहुंचे और जली हुई विद्युत लाइन व उपकरणों की मरम्मत में जुट गए। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है।

दो दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि गणेश पंडाल में आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल की दो गाड़ियों ने पहुंचकर तेजी से आग बुझाई और स्थिति पर नियंत्रण पाया। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पंडाल का विस्तृत निरीक्षण करने के बाद कारण सामने आएगा।

Share