| |

उज्जैन में जमीन अधिग्रहण करने आए अधिकारी को फूलमाला पहनाई: JCB की पूजा की; विकास के लिए दी 4 हजार वर्गफीट जमीन

उज्जैन। जयसिंहपुरा में श्री अभिराम आश्रम संस्थापक आचार्य आशुतोष ने सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन अधिग्रहण करने आए अधिकारी कर्मचारियों का फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया।

इसके बाद उन्होंने खुद ही 4 हजार वर्गफीट जमीन प्रशासन को सौंपते हुए चौड़ीकरण की जद में आ रहे पक्के निर्माण को भी बुलडोजर से हटवा दिया।

दरअसल जयसिंहपुरा अंडरपास से नूतन स्कूल होते हुए चारधाम पार्किंग तक बनी 60 फीट चौड़ी सड़क को 18 मीटर किया जाना है। इस प्रस्तावित सड़क की जद में श्री अभिराम आश्रम की 4 हजार वर्गफीट जमीन और निर्माण आ रहा था।

जेसीबी का पूजन, चालक का सम्मान
जमीन अधिग्रहण करने आए अधिकारी कर्मचारियों को देख आचार्य आशुतोष ने उन्हें सम्मान से बुलाया ओर जेसीबी का विधिवत पूजन किया और मशीन पर फूलमाला चढ़ाई। इसके बाद उन्होंने जेसीबी चालक का सम्मान किया। मौके पर निर्माण हटाने में जुटे कर्मचारी और अन्य लोग भी मौजूद रहे। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राहुल चौहान ने बताया कि आश्रम प्रबंधन ने अपनी आधी जमीन, 4 हजार वर्गफीट जमीन प्रशासन को देकर पक्का निर्माण भी स्वयं हटवा दिया।

विकास के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार
आचार्य आशुतोष ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उज्जैन में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। शहर को भव्य स्वरूप देने की मुहिम में आश्रम ने भी अपनी भूमिका निभाते हुए जमीन उपलब्ध कराई है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Share