MP में कल ‘नो-UPI डे’: स्कैनर को काले कपड़े से ढंककर होगा विरोध; 2 हजार से ज्यादा का पेमेंट नहीं लेंगे

भोपाल। मध्य प्रदेश में 23 सितंबर को व्यापारी ‘नो-UPI डे’ मनाएंगे। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने प्रदेशभर के व्यापारियों से अपील की है कि वे इस दिन 2 हजार से अधिक का UPI भुगतान स्वीकार नहीं करें।
व्यापारी कुछ समय के लिए अपने UPI स्कैनर को काले कपड़े से ढंककर सांकेतिक विरोध भी जताएंगे।
व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव अनुपम अग्रवाल ने बताया कि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और सागर समेत प्रदेश के थोक बाजारों में रोजाना 90% से ज्यादा लेन-देन 2 हजार से अधिक का होता है। ऐसे में UPI भुगतान पर MDR लगने से व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की चिंता है।
4700 पेट्रोल पंप संचालक नहीं लेंगे ऑनलाइन पेमेंट
व्यापारियों के मुताबिक 15 अक्टूबर से 2 हजार से अधिक के Person-to-Merchant UPI भुगतान पर 0.4% MDR लगाए जाने की बात है। 75 हजार या उससे अधिक के लेन-देन पर यह शुल्क 300 तक होगा। प्रदेश के 4700 पेट्रोल पंप संचालक 16 अक्टूबर से 2 हजार से अधिक के बिल पर UPI भुगतान नहीं लेने का फैसला पहले ही कर चुके हैं।