|

खबर का असर- झाबुआ-रतलाम 8 लेन एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा बढ़ेगी: पत्थरबाजी रोकने SP की NHAI के साथ बैठक; ड्रोन से होगी निगरानी, प्रदेश प्रकाश ने उठाया था मुद्दा

झाबुआ। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर झाबुआ और रतलाम जिले के बीच लगातार हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं को लेकर प्रदेश प्रकाश की खबर का असर हुआ है। खबर सामने आने के बाद सोमवार को झाबुआ और रतलाम पुलिस ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा को लेकर संयुक्त बैठक की। सीमावर्ती क्षेत्र में हुई बैठक में दोनों जिलों के एसपी के साथ NHAI की मैनेजमेंट टीम भी मौजूद रही।

पत्थरबाजी रोकने के लिए बनाई रणनीति
बैठक में एक्सप्रेसवे पर पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने, वाहन चालकों की सुरक्षा बढ़ाने और यातायात को सुगम बनाने को लेकर चर्चा हुई। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां निगरानी और गश्त बढ़ाने की योजना बनाई है।

झाबुआ एसपी देवेंद्र पाटीदार और रतलाम एसपी अमित कुमार ने NHAI टीम के साथ एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई बिंदुओं पर चर्चा की। अब संदिग्ध क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी के साथ पुलिस गश्त भी बढ़ाई जाएगी।

नई अस्थायी चौकियां बनाने की तैयारी
रतलाम एसपी अमित कुमार ने प्रदेश प्रकाश से चर्चा में बताया कि झाबुआ और रतलाम जिले के एक्सप्रेसवे क्षेत्र में कुछ नई अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई जाएंगी। इन चौकियों के जरिए अपराधों पर नियंत्रण और वाहन चालकों की सुरक्षा बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

इसके अलावा एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधित वाहनों के प्रवेश को रोकने और आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर भी कार्रवाई की जाएगी।

गांवों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए एक्सप्रेसवे से लगे सीमावर्ती गांवों में भी पुलिस की ओर से जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीणों से एक्सप्रेसवे पर पत्थरबाजी या किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक ड्रोन निगरानी, अतिरिक्त गश्त, संवेदनशील स्थानों की पहचान और अस्थायी चौकियों के जरिए एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।

पहले से सामने आ रही थीं पत्थरबाजी की घटनाएं
दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर झाबुआ और रतलाम जिले के बीच पत्थरबाजी की घटनाओं को लेकर वाहन चालक और स्थानीय लोग चिंता जता रहे थे। इन घटनाओं के कारण वाहन चालकों में डर का माहौल बन रहा था।

Share