बड़वानी में पालाबाजार में नपा का सफाई-अतिक्रमण अभियान: दुकानों के बाहर बनाई चूने लाइन; 10 दिन में दस्तावेज जमा करने के निर्देश

बड़वानी। शहर के पालाबाजार में सोमवार को नगरपालिका ने सफाई और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। नपाध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान पार्षदों और नगरपालिका कर्मचारियों के साथ खुद सफाई करने सड़क पर उतरीं। बाजार में सफाई के बाद दुकानों के बाहर चूने की लाइन खींचकर इसे दुकानदारों के लिए लक्ष्मण रेखा बताया गया। व्यापारियों से कहा गया कि अब दुकान का सामान, काउंटर या बोर्ड इस लाइन के बाहर नहीं लगाया जाए।
दुकानों के बाहर से हटाया कचरा और मलबा
बाजार खुलने से पहले नगरपालिका की टीम ने पूरे पालाबाजार में सफाई अभियान चलाया। दुकानों के बाहर पड़ा कचरा, पॉलिथीन और मलबा हटाया गया। इसके बाद सड़क के दोनों किनारों पर चूने से लंबी सफेद लाइन खींची गई।
नपाध्यक्ष और उनकी टीम ने व्यापारियों से मिलकर अपील की कि वे अपने सामान को चूने की लाइन के अंदर ही रखें। इससे सड़क पर जगह बनी रहेगी, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और ग्राहकों को भी आने-जाने में परेशानी नहीं होगी।

गीला-सूखा कचरा अलग रखने की अपील
नपाध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने व्यापारियों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़क पर कचरा फेंकने से नालियां जाम होती हैं और गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ता है। नगरपालिका का कचरा वाहन रोजाना बाजार में पहुंचकर कचरा उठाएगा।
10 दिन में दस्तावेज जमा करने होंगे
नगरपालिका की ओर से व्यापारियों को नए वेंडर मार्केट की जानकारी भी दी गई। नपाध्यक्ष ने बताया कि शहर का नया वेंडर मार्केट तैयार हो चुका है और इसके लिए आम सूचना जारी की गई है।
पुराने दुकानदारों को 10 दिन के अंदर अपने दस्तावेज नगरपालिका में जमा करने होंगे। इसके बाद प्रक्रिया के अनुसार दुकानों का आवंटन कर बाजार को व्यवस्थित किया जाएगा।
नगरपालिका के इस अभियान में एक ओर बाजार की सफाई कराई गई, वहीं दूसरी ओर दुकानों के बाहर सामान फैलाने पर रोक लगाने के लिए चूने की लाइन खींची गई।