अनुराग कश्यप के प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी ‘भेड़, बकरी, भूत’: अभिषेक चौबे और नवदीप सिंह ने किया प्रस्तुत, 24 सितंबर को आएगी फिल्म

मुंबई। शॉर्ट फिल्म ‘भेड़, बकरी, भूत’ 24 सितंबर को रिलीज होगी। फिल्म को फिल्ममेकर अभिषेक चौबे और नवदीप सिंह ने प्रस्तुत किया है। यह फिल्म अनुराग कश्यप के क्यूरेटेड शॉर्ट-फिल्म YouTube चैनल ‘Oh Short Flips’ पर रिलीज होगी।
फिल्म का निर्देशन शिवम शंकर ने किया है। उन्होंने रंजन सिंह के साथ मिलकर फिल्म को प्रोड्यूस भी किया है। फिल्म में वंदना जोशी, प्रसन्ना बिष्ट, अपेक्षा अय्यर, नसीम मुगल और ऋषि सोलंकी समेत कई कलाकार नजर आएंगे।
बाथरूम की दीवार से शुरू होती है कहानी
फिल्म की कहानी एक दुखी बैंड म्यूजिशियन से शुरू होती है। वह गुस्से में पब्लिक बाथरूम की दीवार पर अपनी प्रेमिका के लिए एक कड़वा संदेश लिखता है। इसके बाद वहां से गुजरने वाले लोग भी उसी दीवार पर अपनी परेशानियां लिखने लगते हैं। धीरे-धीरे दीवार पर लोगों की व्यक्तिगत शिकायतों के साथ सामाजिक और राजनीतिक मुद्दे भी सामने आने लगते हैं।
फिल्म को कई फिल्म फेस्टिवल में दिखाया गया
‘भेड़, बकरी, भूत’ को कई फिल्म फेस्टिवल में दिखाया जा चुका है। इनमें International Kurzfilmtage Winterthur, IFFSA Toronto, Tirana International Film Festival, Roma Short Film Festival और Tokyo International Short Film Festival शामिल हैं।
फिल्म को Tokyo International Short Film Festival में Best Editing का अवॉर्ड मिला है। वहीं IIFSA Toronto में इसे Best Short Film और Yellowstone International Film Festival में Best Indian Short Film का पुरस्कार मिला।
निर्देशक ने फिल्म को लेकर क्या कहा?
निर्देशक शिवम शंकर ने कहा कि यह फिल्म भारत को बिना किसी फिल्टर के देखने की कोशिश है। उन्होंने समाज में रोज होने वाली राजनीति और लोगों की सोच को कहानी के जरिए दिखाने की बात कही।
अभिषेक चौबे ने फिल्म के आधुनिक तरीके से कहानी कहने की तारीफ की। नवदीप सिंह ने इसे समझदार और मनोरंजक फिल्म बताया। ‘भेड़, बकरी, भूत’ 24 सितंबर को ‘Oh Short Flips’ YouTube चैनल पर रिलीज होगी। यह इस प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली तीसरी फिल्म है।