‘3 इडियट्स’ के सीक्वल की शूटिंग अप्रैल 2027 से: आमिर खान, करीना, माधवन और शरमन फिर साथ आएंगे; पहले ‘ललकारा’ की शूटिंग करेंगे

मुंबई। ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल की शूटिंग अप्रैल 2027 से शुरू हो सकती है। फिल्म के डायरेक्टर राजकुमार हिरानी अभी इसकी स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। आमिर खान फरवरी 2027 में फिल्म की फाइनल स्क्रिप्ट पढ़ेंगे। इसके बाद फिल्म पर आगे काम शुरू होगा।
सीक्वल में 2009 की फिल्म की मुख्य स्टारकास्ट को फिर से साथ लाने की तैयारी है। फिल्म में आमिर खान, आर. माधवन, शरमन जोशी और करीना कपूर खान फिर नजर आ सकते हैं। आमिर खान फिल्म में रैंचो, माधवन फरहान, शरमन जोशी राजू और करीना पिया के किरदार में नजर आई थीं।
फरवरी में स्क्रिप्ट पढ़ेंगे आमिर
फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। राजकुमार हिरानी और उनकी टीम अगले साल की शुरुआत में स्क्रिप्ट का फाइनल ड्राफ्ट तैयार कर सकती है। इसके बाद फरवरी में आमिर खान स्क्रिप्ट पढ़ेंगे। उनकी मंजूरी के बाद फिल्म की शूटिंग अप्रैल 2027 से शुरू करने की तैयारी है।
पहले ‘ललकारा’ की शूटिंग करेंगे आमिर
‘3 इडियट्स’ के सीक्वल से पहले आमिर खान अपनी दूसरी फिल्म ‘ललकारा’ की शूटिंग पूरी करेंगे। आमिर अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक इस फिल्म की शूटिंग में व्यस्त रहेंगे।
‘ललकारा’ का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर कर रहे हैं। यह एक स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म है। इसकी कहानी 1952 में पाकिस्तान के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान लाला अमरनाथ से जुड़ी है।
आमिर का ‘महाभारत’ प्रोजेक्ट भी चर्चा में
आमिर खान का ‘महाभारत’ प्रोजेक्ट भी लंबे समय से चर्चा में है। हाल ही में उन्होंने जगद्गुरु सतीशाचार्य महाराज से मुलाकात की। इसके बाद एक बार फिर इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। आमिर कई बार ‘महाभारत’ को अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बता चुके हैं। वह इसे एक फिल्म की जगह बड़े फिल्म सीरीज के रूप में बनाना चाहते हैं।

2024 में दिए इंटरव्यू में आमिर ने कहा था कि ‘महाभारत’ बनाना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा था कि वह इस कहानी को सही तरीके से पेश करना चाहते हैं।