द वन के गाने पर चोरी का आरोप: सिंगर सरगम वैश ने कहा- बिना अनुमति इस्तेमाल किया गाना; वीडियो में दिखाए सबूत

मुंबई। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन: फोर्स फ द फॉरेस्ट’ रिलीज से पहले विवादों में आ गई है। इंडिपेंडेंट सिंगर सरगम वैश ने फिल्म के मेकर्स पर उनका गाना बिना अनुमति इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

सरगम का दावा है कि फिल्म के ट्रेलर में उनके गाने ‘ऐगिरि नंदिनी’ का करीब 25 सेकेंड का हिस्सा इस्तेमाल किया गया है। उनका कहना है कि यह गाना अभी रिलीज भी नहीं हुआ है।

सिंगर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया
सरगम वैश ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपने दावे के सबूत दिखाए हैं। उन्होंने बताया कि वह करीब तीन साल से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं। ट्रेलर में उनके गाने की मास्टर फाइल, प्रोडक्शन और वोकल रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल किया गया है। सरगम ने फिल्म की टीम से ट्रेलर और फिल्म से गाना हटाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने पर उनकी लीगल टीम इस मामले को देखेगी।

मास्टर रिकॉर्डिंग कैसे मिली?
सरगम के वीडियो पर म्यूजिक कंपोजर और CBFC सदस्य रिकी केज ने भी सवाल पूछा। उन्होंने पूछा कि जब गाना अभी रिलीज नहीं हुआ था, तो फिल्म की टीम तक इसकी मास्टर रिकॉर्डिंग कैसे पहुंची।

इस पर सरगम ने बताया कि यह गाना पहले ही एक दूसरी बड़ी फिल्म को दिया जा चुका था। हालांकि, वह फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है। किसी दूसरे रास्ते से यह गाना ‘द वन’ तक पहुंचा और ओरिजिनल प्रोजेक्ट से पहले ही इसका इस्तेमाल कर लिया गया। उन्होंने कहा कि वह खुद भी यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि ऐसा कैसे हुआ।

मेकर्स की ओर से अभी कोई जवाब नहीं
सरगम के आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मामले की चर्चा हो रही है। कुछ यूजर्स ने ट्रेलर पर कॉपीराइट स्ट्राइक लगाने की मांग की है। हालांकि, ‘द वन’ के मेकर्स की ओर से अभी इन आरोपों पर कोई आधिकारिक जवाब सामने नहीं आया है।

‘द वन’ में ये कलाकार नजर आएंगे
‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अनूप सोनी भी नजर आएंगे। फिल्म की कहानी में माइथोलॉजी, मिस्ट्री और जंगल से जुड़ी कहानी को दिखाया गया है।

25 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
फिल्म का गाना ‘छठी मैया’ पहले ही रिलीज हो चुका है। इसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Share