बड़वानी के तलून में तेजाजी महाराज का भव्य मेला: नवमी पर हुआ रात्रि जागरण; दशमी पर तुलादान-महाआरती और भंडारा

बड़वानी। जाट समाज के आराध्य देव सत्यवीर तेजाजी महाराज का भव्य मेला आयोजित किया गया। 20 सितंबर को नवमी के अवसर पर मंदिर परिसर में रात्रि जागरण हुआ, जबकि 21 सितंबर को दशमी पर श्रद्धालुओं ने मन्नत पूरी होने पर तुलादान किया। इसके बाद महाआरती और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु
तेजाजी महाराज के दरबार में दर्शन और मन्नत पूरी होने पर तुलादान करने के लिए जिले सहित आसपास के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु तलून पहुंचे। मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। तेजाजी महाराज के मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के आसपास मेले का भी आयोजन किया गया, जहां विभिन्न प्रकार की दुकानें और अन्य आकर्षण मौजूद रहे।
नवमी पर रातभर हुआ जागरण
20 सितंबर को नवमी के अवसर पर तेजाजी महाराज मंदिर परिसर में रात्रि जागरण आयोजित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरी रात भजन-कीर्तन के माध्यम से तेजाजी महाराज की आराधना की।
दशमी पर किया तुलादान
21 सितंबर को दशमी के अवसर पर सुबह श्रद्धालुओं ने मन्नत पूरी होने पर लड्डू, मिठाई और फलों से तुलादान किया। इसके बाद मंदिर परिसर में महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
50 से 60 क्विंटल से ज्यादा चूरमे की प्रसादी
महाआरती के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें गुड़, घी और आटे से चूरमे की प्रसादी तैयार की गई। आयोजन समिति के अनुसार, भंडारे के लिए करीब 50 से 60 क्विंटल से ज्यादा प्रसादी बनाई गई। मेले और धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों एवं आयोजन समिति ने व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न इंतजाम किए गए।