इंदौर में थाने के सामने 9 फीट धंसी सड़क: निगम बोला- मिट्टी कटाव से खोखली हुई थी; 5 फीट चौड़ा गड्ढा बना

इंदौर। पंढरीनाथ थाने के सामने सोमवार सुबह सड़क अचानक 8-9 फीट धंस गई, 5-6 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। थाने के सामने ही सड़क धंसने से निगम के विकास के दावों की पोल खुल गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
वार्ड 59 के पार्षद प्रतिनिधि अरुण पेंढारकर मौके पर पहुंचे। निगम अधिकारी बोले – मिट्टी कटाव से खोखली हो गई थी सड़क। सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक मिट्टी कटाव के नाम पर लीपापोती होती रहेगी?
देखिए घटना की तस्वीरें…
1. गड्ढे का निरीक्षण करते अधिकारी।

2. पंढरीनाथ थाने के ठीक सामने हुआ गड्ढा।

रोज सुबह करते है क्षेत्रों का निरीक्षण
पेंढारकर के मुताबिक वे रोजाना सुबह अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण करते हैं। इसी दौरान उन्हें सड़क धंसने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल निगम अधिकारियों को जानकारी दी गई। सूचना के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढे को मोरम व गिट्टी से भरकर सड़क को सुरक्षित किया।

मिट्टी कटाव के कारण खाली जगह बनी
पार्षद प्रतिनिधि और जोनल अधिकारी के मुताबिक मिट्टी कटाव के कारण सड़क के नीचे खाली जगह जैसी स्थिति बन गई थी, जिसके चलते ऊपर की डामर सड़क का हिस्सा धंस गया। शहर में सड़क धंसने की घटनाएं इससे पहले भी सामने आ चुकी हैं।
गाड़ी अड्डा क्षेत्र में भी धंसी थी सड़क
जून में गाड़ी अड्डा क्षेत्र में सड़क का हिस्सा धंसने से बड़ा गड्ढा हो गया था, वहीं गोराकुंड चौराहे पर भी जमीन धंसने जैसी स्थिति देखने को मिली थी। ऐसे में पंडरीनाथ क्षेत्र की इस घटना ने एक बार फिर शहर में सड़कों के नीचे की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

निगम की टीम ने गड्ढे को भरा
सूचना मिलते ही निगम की टीम ने गिट्टी रेती मंगवाकर गड्ढे को भर दिया है। गड्ढा भरने तक रास्ते को बंद कर दिया जिससे कोई हादसा ना हो। बता दें कि इस रूट पर दिनभर आवाजाही होती है और सैंकड़ों वाहन गुजरते है। समय रहते सूचना मिलने से हादसे की आशंका टल गई।