झाबुआ-रतलाम निर्माणाधीन सड़क पर 1 KM लंबा जाम: कीचड़ और गड्ढों से वाहन चालक परेशान; एंबुलेंस आधे घंटे फंसी

झाबुआ। झाबुआ से रतलाम तक निर्माणाधीन सड़क से रोज वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क निर्माण की धीमी गति और निर्माण कंपनी की कथित लेटलतीफी के कारण पूरे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है।
निर्माण के लिए सड़क के बड़े हिस्से को खोद दिए जाने के बाद अब बारिश ने वाहन चालकों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। निर्माण कंपनी द्वारा सड़क को खोदने के बाद कई जगहों पर उचित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने का आरोप वाहन चालकों द्वारा लगाया जा रहा है।
बारिश के दौरान खोदी गई सड़क पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है। इसके साथ ही जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और कार चालको को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेघनगर क्षेत्र में सबसे ज्यादा परेशानी
मेघनगर क्षेत्र में स्थिति और अधिक परेशानी वाली नजर आ रही है। यहां निर्माण कंपनी द्वारा मार्ग के एक हिस्से पर सीमेंट की सड़क तैयार कर दी गई है, जबकि दूसरी ओर का हिस्सा अभी कच्चा पड़ा हुआ है। बारिश के कारण कच्चे हिस्से में कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन गई है। ऐसे में वाहनों को निकलने में काफी दिक्कत हो रही है। सड़क के एक हिस्से का निर्माण होने और दूसरे हिस्से का काम अधूरा रहने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
सड़क के कारण लगा जाम
शनिवार को रात 7 बजे मेघनगर में निर्माणाधीन मार्ग के कारण एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में बड़ी संख्या में चार पहिया और दोपहिया वाहन फंस गए। इस दौरान एक एंबुलेंस भी करीब आधे घंटे तक जाम में फंसी रही। एंबुलेंस के जाम में फंसने से मार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए।
बहुत धीरे हो रहा काम
वाहन चालकों का आरोप है कि निर्माण कंपनी द्वारा सड़क का काम बहुत धीरे हो रहा है। सड़क को खोदने के बाद उस पर मुरम आदि की पर्याप्त व्यवस्था नहीं किए जाने से बारिश के दौरान हालात और बिगड़ गए हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए उचित वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जानी चाहिए थीं, लेकिन पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से रोजाना वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने की मांग
स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी से निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा बारिश के दौरान आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने की मांग की है, ताकि मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिल सके और जाम जैसी स्थिति से भी बचा जा सके।