|

धार में ATM चोरों को पकड़ने वाली टीम सम्मानित: 16 KM तक स्कॉर्पियो का पीछा किया; 3.60 लाख बरामद

धार। ATM चोरी के आरोपियों को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कानवन पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा ने प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। एसपी ने पुलिस टीम के त्वरित रिस्पॉन्स, आपसी समन्वय, साहस और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, 2 मार्च 2026 को थाना प्रभारी कानवन निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया के निर्देशन में कानवन पुलिस एवं डायल-112 टीम ने संदिग्ध ब्लैक स्कॉर्पियो एस-11 वाहन का करीब 16 किलोमीटर तक पीछा किया।

पुलिस की घेराबंदी देखकर स्कॉर्पियो सवार पांच लोगों ने छोकला टोल टैक्स से पहले वाहन खड़ा कर दिया और सोयाबीन के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर साहिल उर्फ दातु खान को मौके से पकड़ लिया।

ड्रोन से सर्चिंग कराई
फरार आरोपियों की तलाश के लिए सुबह 8 बजे ड्रोन से सर्चिंग कराई गई। ग्रामीणों की मदद से चलाए गए सर्च अभियान के दौरान एक अन्य आरोपी कमरयाब को भी पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से ब्लैक स्कॉर्पियो वाहन और 3.60 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

कर्नाटक में भी की थी ATM की चोरी
पूछताछ और जांच में आरोपियों के कर्नाटक के विजयपुर जिले में ATM काटकर रुपये चोरी करने की घटनाओं से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। जांच में थाना कुडगी, जिला विजयपुरा, कर्नाटक में ATM काटकर रुपये चोरी करने की घटना की पुष्टि हुई।

आरोपियों को विजयपुरा पुलिस को सौंपा
इस संबंध में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में प्रकरण दर्ज होना पाया गया। कानवन पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें थाना कुडगी, जिला विजयपुरा पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस टीम का किया उत्साहवर्धन
उल्लेखनीय कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया, पुलिस टीम एवं डायल-112 टीम को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार प्रदान किया। उन्होंने टीम की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

Share