उज्जैन में बालरंग कार्यक्रम की जगह बदली: छात्राओं ने किया सड़क पर प्रदर्शन; DEO ने रद्द की प्रतियोगिताएं

उज्जैन। स्कूली शिक्षा विभाग के वार्षिक ‘बालरंग’ कार्यक्रम को लेकर शनिवार को 12 से अधिक विधाओं की प्रतियोगिताओं के आयोजन की जगह आखरी समय पर बदले जाने से पीएम श्री कन्या स्कूल की छात्राएं नाराज हो गईं।
छात्राओं ने प्रतियोगिता केंद्र बदलने का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जताई। छात्राओं का कहना था कि अचानक केंद्र बदले जाने से उन्हें प्रतियोगिता में शामिल होने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूली शिक्षा विभाग की ओर से हर साल आयोजित होने वाले ‘बालरंग’ कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर पर विजेता विद्यार्थी जिला और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाते हैं। शनिवार को प्रतियोगिता केंद्र बदले जाने के विरोध में पीएम श्री कन्या स्कूल की छात्राओं ने प्रदर्शन किया।
समर्थन में पहुंचे ABVP कार्यकर्ता
छात्राओं के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। इसके बाद दोनों स्कूलों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। मामले को बढ़ता देख जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने फिलहाल प्रतियोगिता निरस्त करने के निर्देश दे दिए।
अचानक हुए बदलाव से नाराज हुई छात्राएं
छात्राओं के मुताबिक, दो दिन पहले तक प्रतियोगिता पीएम श्री कन्या स्कूल में होना तय थी, लेकिन आयोजन से ठीक एक दिन पहले स्थल बदलकर सांदीपनि सीएम राइज स्कूल कर दिया गया। शनिवार सुबह छात्राएं नए केंद्र के लिए रवाना भी हो चुकी थीं। अचानक हुए बदलाव से नाराज छात्राओं ने शिक्षा विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी।
ABVP ने छात्राओं के साथ किया विरोध
ABVP जिला संयोजक राजदीप सिंह के अनुसार, डीईओ ने पहले पीएम श्री कन्या स्कूल को बालरंग प्रतियोगिता का अधिकृत केंद्र बनाया था। आरोप है कि सांदीपनि सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य दिग्विजय सिंह ने डीईओ कार्यालय पहुंचकर प्रभाव का इस्तेमाल किया और आयोजन स्थल अपने स्कूल में करवा लिया। इसके बाद ABVP ने छात्राओं के साथ विरोध जताया। नाराज छात्राओं ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए प्राचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आयोजन स्थल बदलने का विरोध किया।
सभी प्रतियोगिताओं को निरस्त किया
छात्राओं के विरोध और सड़क पर प्रदर्शन की खबर मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल हस्तक्षेप किया। शनिवार को आयोजित होने वाली बालरंग कार्यक्रम की सभी प्रतियोगिताओं को फिलहाल निरस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही छात्राओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर उन्हें भरोसा दिलाया कि आयोजन स्थल को लेकर दोबारा निर्णय लिया जाएगा। साथ ही नई तारीख और स्थान की घोषणा निष्पक्ष तरीके से की जाएगी।