| | |

सांवेर में घर से 69 पेटी अवैध शराब जब्त: 651 लीटर मदिरा बरामद; आबकारी की टीम ने दी दबिश

इंदौर। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान जारी है। सांवेर तहसील के ग्राम बड़ोदिया खान में आबकारी विभाग की टीम को एक मकान से 69 पेटी यानी 651 लीटर अवैध मदिरा जब्त की है। कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।

घर की तलाशी में मिली देशी, बीयर और अंग्रेजी शराब
आबकारी विभाग के अनुसार टीम ने बड़ोदिया खान निवासी जितेंद्र पिता रामेश्वर सोलंकी के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में बड़ी मात्रा में शराब रखी मिली।

टीम ने मौके से 18 पेटी देशी मदिरा, 10 पेटी बीयर और 41 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की। अंग्रेजी शराब में अलग-अलग ब्रांड की व्हिस्की, रम और वोदका शामिल बताई गई है।

जब्त शराब में ब्लेंडर्स प्राइड, वैलेंटाइन, ब्लैक एंड व्हाइट, ऑल सीजन और स्मिरनॉफ जैसे ब्रांड शामिल हैं। आबकारी विभाग के मुताबिक कुल 69 पेटी और 651 लीटर मदिरा बरामद हुई है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची थी टीम
अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ोदिया खान में मकान में अवैध शराब रखे होने की सूचना मिली थी।

सूचना के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान की तलाशी ली और शराब जब्त की। कार्रवाई के संबंध में आबकारी विभाग के अधिकारी कमलेश सोलंकी ने जानकारी दी।

Share