| | | |

छात्रों की गूंज से पहले इंदौर में ‘झूठ की गूंज’: राहुल गांधी के खिलाफ शहर में लगे पोस्टर; 40 दावों के फैक्ट-चेक का जिक्र

इंदौर। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले इंदौर में उनके खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में नजर आए इन पोस्टरों में बड़े अक्षरों में ‘झूठ की गूंज’ लिखा गया है। पोस्टर पर राहुल गांधी की तस्वीर के साथ उनके ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रमों में किए गए दावों को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

पोस्टर में ‘झूठ की गूंज पे होगी सत्य की विजय’ लिखा है। साथ ही jhoothkigoonj.com वेबसाइट का नाम दिया गया है। पोस्टर पर राहुल गांधी की तस्वीर के साथ ‘इन रैलियों के 40 दावों का फैक्टचेक किया’ लिखा हुआ है।

‘छात्रों की गूंज’ से पहले बदला शहर का पोस्टर नैरेटिव
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शनिवार को इंदौर में प्रस्तावित है। कार्यक्रम से पहले लगाए गए इन पोस्टरों से शहर में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। पोस्टरों पर वेबसाइट का QR कोड भी दिया गया है, जिसके जरिए लोगों को संबंधित वेबसाइट तक पहुंचने का संदेश दिया गया है।

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रमों में किए गए दावों को लेकर ‘झूठ की गूंज’ नाम की वेबसाइट पर फैक्ट-चेक प्रकाशित किए गए हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, वेबसाइट ने राहुल गांधी के 40 दावों की जांच का दावा किया है और उनमें 29 को गलत तथा 11 को भ्रामक बताया है। ये वेबसाइट के अपने फैक्ट-चेक के निष्कर्ष हैं।

पोस्टर किसने लगाए, अभी सामने नहीं आया
शहर में लगाए गए पोस्टरों पर किसी राजनीतिक दल या संगठन का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिखा है। इन्हें किसने लगवाया, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक राहुल गांधी के इंदौर दौरे से ठीक पहले ऐसे पोस्टर शहर के कई हिस्सों में दिखाई दिए हैं।

इससे पहले भी राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी सामने आती रही है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर ‘झूठ की गूंज’ शब्द का इस्तेमाल किया था।

आज छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम इंदौर में आयोजित होना है। कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर संवाद प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर पहले आयोजन स्थल को लेकर भी विवाद सामने आया था। कार्यक्रम से ठीक पहले लगाए गए ‘झूठ की गूंज’ पोस्टर अब इंदौर में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

शहर में यहां-यहां लगे है पोस्टर:


1. गीत भवन चौराह


2. पलासिया चौराह 


3. बंगाली चौराह 


4. खजराना चौराह 


5. वर्ल्ड कप चौराहा

Share