|

धार में पेट्रोल पंप मैनेजर ने किया 5 लाख का फ्रॉड: 2.61 लाख की डिजिटल हेराफेरी; लॉकर की चाबी लेकर भागा

धार। सादलपुर थाना क्षेत्र के भारत पेट्रोलियम के वंदना फ्यूल स्टेशन पर छह साल से काम कर रहे मैनेजर ने संचालक के साथ 5 लाख की धोखाधड़ी की। आरोपी ने बैंक हॉलिडे का फायदा उठाते हुए नकदी जमा नहीं की और कार्ड स्वाइप और डिजिटल भुगतान के हिसाब में भी हेराफेरी की।

रजिस्टर और लॉकर की चाबियां लेकर फरार
मामला सामने आने तक वह पंप के जरूरी रजिस्टर और लॉकर की चाबियां लेकर फरार हो गया। धार-नागदा रोड स्थित ग्राम कलसाड़ा बुजुर्ग के पंप संचालक प्रतीक राय (67), निवासी ग्राम खेरोद की शिकायत पर पुलिस ने मैनेजर ओमप्रकाश चौहान, निवासी ग्राम भोपावली नागदा, थाना कानवन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज किया है।

बैंक अवकाश का उठाया फायदा
फरियादी के अनुसार आरोपी 6 सालों से पंप पर मैनेजर के रूप में कार्यरत था। जन्माष्टमी के दौरान लगातार बैंक अवकाश के बीच उसने 1 से 4 सितंबर के बीच काउंटर से मिली 2.40 लाख की नकदी बैंक में जमा नहीं कराई और अपने पास रख ली।

डिजिटल भुगतान में 2.61 लाख की हेराफेरी 
इसके अलावा 15 से 20 दिनों में विभिन्न कार्ड स्वाइप और डिजिटल माध्यमों से हुए भुगतान में भी 2.61 लाख की हेराफेरी की। इस तरह कुल राशि 5.01 लाख रुपये बताई गई है। संचालक को गड़बड़ी की जानकारी होने तक आरोपी पंप के रजिस्टर और लॉकर की चाबियां लेकर फरार हो चुका था।

आरोपी की तलाश शुरू 
पुलिस के अनुसार बीपीसीएल के ऑटोमेशन सिस्टम से डिजिटल लेनदेन और अन्य रिकॉर्ड की विस्तृत जानकारी जुटाने में समय लगने के कारण प्राथमिकी दर्ज करने में विलंब हुआ। पुलिस ने 17 सितंबर को दोपहर 12:05 बजे मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस पंप के रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की बरामदगी के प्रयास भी कर रही है।

Share