इंदौर में BJP का महीनेभर सेवा संकल्प अभियान: राजवाड़ा में जलेंगे 2.51 लाख दीप; 2097 बूथों पर जनसंपर्क

इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा इंदौर महानगर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगा।
अभियान के तहत शहर के 85 वार्ड, 35 मंडल, 345 शक्ति केंद्र और 2097 बूथों तक पहुंचकर सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रम किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को दीप प्रज्वलन के साथ होगी।
शाम 7 बजे 2097 बूथों के लाभार्थी परिवारों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। रात 8 बजे राजवाड़ा क्षेत्र में 2 लाख 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
पूरे महीने होंगे विशेष आयोजन
अभियान के तहत महीने भर कई सारे कार्यक्रम होंगे। 19 से 26 सितंबर तक अभय प्रशाल में जिला स्तरीय चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता होगी। 4-5 अक्टूबर को प्रदेश स्तरीय आयोजन किया जाएगा। 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यकर्ताओं का सम्मान भी होगा।
85 वार्डों में विशेष सफाई अभियान
27 सितंबर से 2 अक्टूबर तक शहर के 85 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलेगा। इसके बाद 2 से 10 अक्टूबर तक एमवाय अस्पताल परिसर में सफाई अभियान चलाया जाएगा। 9-10 अक्टूबर को फिनिक्स मॉल के सामने 40 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी से विशाल रंगोली बनाकर रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।
नुक्कड़ नाटकों से बताएंगे विकसित भारत-2047 की योजना
19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक नुक्कड़ नाटकों के जरिए विकसित भारत-2047 और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की प्रेरक कहानियां सोशल मीडिया पर साझा की जाएंगी।
बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक मशाल यात्रा
7 अक्टूबर को बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक मशाल यात्रा निकाली जाएगी। इसमें विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। मध्यप्रदेश से गुजरने वाली 13 यात्राओं के इंदौर पहुंचने पर उनका स्वागत किया जाएगा। 2 से 10 अक्टूबर तक शिविर लगाए जाएंगे। इनमें नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। अभियान के समापन पर जनसेवक महाकुंभ, सुशासन सेवा संवाद, हैकाथॉन-इनोवेशन चैलेंज और ‘25 साल, 25 कहानियां’ कार्यक्रम होंगे।
केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने अभियान की जानकारी दी। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं। वहीं सुमित मिश्रा ने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा और केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।