खजराना गणेश मंदिर में 501 किलो का महालड्डू भोग: ढोल-धमाकों के साथ पालकी में लाया गया; जयकारों से गूंजा मंदिर

इंदौर। 10 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान खजराना गणेश मंदिर में बुधवार को विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। भगवान खजराना गणेश को 501 किलो वजनी विशाल महालड्डू का भोग लगाया गया। ढोल-धमाकों के बीच महालड्डू को सजी हुई पालकी में मंदिर परिसर तक लाया गया। इस दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
गणेश उत्सव के दौरान खजराना गणेश मंदिर के इतिहास में पहली बार भगवान को 501 किलो के एक ही लड्डू का भोग लगाया गया है। इससे पहले पिछले वर्षों में 301 किलो के लड्डू का भोग लगाया जा चुका है। महालड्डू को देखने के लिए मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं में खास उत्साह रहा। भक्तों ने भगवान गणेश के दर्शन के साथ विशाल लड्डू के भी दर्शन किए।
ढोल-धमाकों के साथ मंदिर पहुंचा महालड्डू
501 किलो के महालड्डू को विशेष रूप से तैयार पालकी में रखकर ढोल-धमाकों के साथ मंदिर परिसर में लाया गया। जैसे ही महालड्डू मंदिर पहुंचा, श्रद्धालुओं ने ‘जय श्री गणेश’ और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाए।

गौरव रणदिवे ने की महाआरती
भाजपा प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे ने खजराना गणेश की महाआरती की। उन्होंने भगवान गणेश के दर्शन कर इंदौर सहित प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
रोज हो रहे धार्मिक आयोजन
गणेश उत्सव के दौरान मंदिर में रोजाना विशेष पूजा-अर्चना, भगवान का शृंगार और अन्य धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। महालड्डू भोग का आयोजन भी इसी धार्मिक श्रृंखला का हिस्सा रहा। कार्यक्रम के आयोजक निखिल रामायणे ने बताया कि श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को देखते हुए इस बार 501 किलो का महालड्डू तैयार किया गया। इससे पहले 301 किलो के लड्डू का भोग लगाया गया था।

संत-महात्मा और गणमान्य लोग भी पहुंचे
कार्यक्रम में संत-महात्माओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। रितेश तिवारी, अंकुर पांडे, आशीष हिंदुजा, अजय अग्निहोत्री और हर्षवर्धन बर्बे सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।