| |

उज्जैन में इंटर्न डॉक्टरों का फूटा गुस्सा: 9 हजार के स्टाइपेंड में किराया-पेट्रोल भी मुश्किल; 23 सितंबर को रैली की चेतावनी

उज्जैन। धन्वन्तरि आयुर्वेदिक कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार को मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर और फाइनल ईयर के छात्र-छात्राएं फ्रीगंज स्थित सीएम कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि उन्हें फिलहाल 9,383 रुपए मासिक स्टाइपेंड मिलता है, जिसे बढ़ाकर 21,500 रुपए किया जाना चाहिए।

आयुष डॉक्टरों के मुताबिक वे ओपीडी, वार्ड और अन्य चिकित्सा सेवाओं में नियमित जिम्मेदारियां निभाते हैं, फिर भी एमबीबीएस डॉक्टरों की तुलना में उन्हें कम स्टाइपेंड मिलता है। मांग पूरी नहीं होने पर 23 सितंबर को बड़ी रैली निकालने की चेतावनी दी गई है।

उज्जैन में बुधवार को फ्रीगंज स्थित सीएम कार्यालय पर 75 से ज्यादा इंटर्न डॉक्टर और फाइनल ईयर के छात्र-छात्राएं पहुंचे। सभी ने आयुष इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड एमबीबीएस डॉक्टरों के समान करने की मांग उठाई। छात्रों ने बताया कि वे ओपीडी, वार्ड और अस्पताल की अन्य चिकित्सा सेवाओं में नियमित जिम्मेदारियां निभाते हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ 9,383 रुपए प्रतिमाह मिलते हैं।

उनका कहना है कि महंगाई के दौर में इतनी कम राशि से इंटर्नशिप के जरूरी खर्च पूरे करना मुश्किल है। प्रदर्शन में डॉ. अन्नी असाटी, डॉ. विक्रांत तिवारी, डॉ. प्रिंस जैन समेत अन्य छात्र शामिल रहे। उन्होंने धन्वन्तरि सरकारी कॉलेज के इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि वर्तमान में करीब 9,383 रुपए मिलते हैं।

जिससे कमरे का किराया, भोजन, आने-जाने और अन्य जरूरी खर्च पूरे करना मुश्किल है। डॉक्टरों ने कहा कि मांग नहीं मानी गई तो 23 सितंबर को रैली निकाली जाएगी। इसके बाद प्रदेश स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

आखिर मध्यप्रदेश मे क्यों भेदभाव
डॉ. रश्मि शर्मा ने कहा कि इंटर्नशिप के दौरान हॉस्टल की सुविधा नहीं मिलने से उन्हें बाहर कमरा लेकर रहना पड़ेगा, जिसका किराया करीब 5 से 6 हजार रुपए है। इसके अलावा भोजन, कॉलेज और अस्पताल आने-जाने का पेट्रोल खर्च भी उठाना होगा। ऐसे में मौजूदा स्टाइपेंड में घर से पैसे मंगाने की जरूरत पड़ती है। उनका कहना है कि तेलंगाना, दिल्ली और बिहार जैसे राज्यों में इंटर्न डॉक्टरों को 21 से 30 हजार रुपए तक स्टाइपेंड मिल रहा है।

Share