| | | | |

राहुल गांधी के स्वागत में युवाओं ने बनवाए टैटू: इंदौर में हाथों पर बनवाया कांग्रेस नेता का चित्र; 20 युवाओं ने कराया स्थायी टैटू

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर इंदौर में युवाओं ने अलग अंदाज में स्वागत की तैयारी की। सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में युवाओं ने अपने हाथों पर राहुल गांधी का चित्र बनवाकर स्थायी टैटू कराया। टैटू बनवाने के लिए बड़ी संख्या में युवा पहुंचे।

युवाओं ने जताई राहुल गांधी के प्रति भावनाएं
पूर्व शहर अध्यक्ष युवा कांग्रेस निखिल वर्मा ने बताया कि यह सिर्फ टैटू बनवाने का अभियान नहीं है, बल्कि बच्चों और युवाओं की भावनाओं से जुड़ा है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी छात्रों से जुड़े मुद्दों पर लगातार बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा, पेपर लीक और छात्रों से संवाद जैसे मुद्दों को लेकर युवाओं में रुचि है। इसी वजह से कुछ युवाओं ने राहुल गांधी के स्वागत के लिए उनके चित्र का स्थायी टैटू बनवाने की इच्छा जताई।

अब तक करीब 20 युवाओं ने कराया टैटू
अब तक करीब 20 बच्चे और युवा राहुल गांधी के चित्र का टैटू बनवा चुके हैं। उन्होंने बताया कि कुछ अन्य युवा भी टैटू बनवाने के लिए संपर्क कर रहे हैं। 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से अलग-अलग स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

Share