झाबुआ में एक साथ जलेंगे 7 लाख दीप: ग्राम पंचायतों से नगरीय निकायों तक ‘आशीर्वाद का दीया’; कई जगह होंगे आयोजन

झाबुआ। सेवा-संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम शाम 7 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज, किशनपुरी में होगा। इसी समय जिले की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में भी एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। प्रशासन ने जिलेभर में करीब 7 लाख ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने का लक्ष्य तय किया है।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार पाटीदार ने पॉलिटेक्निक कॉलेज, किशनपुरी स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन, बैठक, मंच, आवागमन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों के तहत सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल तरीके से आयोजित करने को कहा।
मंत्री निर्मला भूरिया रहेंगी मुख्य अतिथि
जिला स्तरीय कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में होगा। प्रमुख सचिव वन एवं आनंद विभाग श्री राघवेन्द्र सिंह कुमार विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के साथ सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलेभर में एक साथ जलेंगे दीप
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन सिर्फ जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा। 17 सितंबर को शाम 7 बजे ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। प्रशासन ने इसके लिए जिलेभर में करीब 7 लाख दीप जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जितेंद्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत अक्षयसिंह मरकाम, एसडीएम झाबुआ महेश मंडलोई सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।