| |

श्रीनिवास तिवारी का जन्मदिवस सादगी से मनेगा: बाढ़ प्रभावितों की मदद करेंगे कार्यकर्ता; कल्पना मिश्रा मामले में कार्रवाई जल्द

रीवा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विंध्य के वरिष्ठ नेता स्व. पंडित श्रीनिवास तिवारी का जन्मदिवस इस बार सादगी और सेवा कार्यों के रूप में मनाया जाएगा। त्योंथर से भाजपा विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने बुधवार को अमहिया स्थित अपने निवास पर आयोजित पत्रकारवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिवस के मौके पर भव्य आयोजन करने के बजाय सेवा कार्यों को प्राथमिकता दें। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को विंध्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और मदद के कार्य किए जाएंगे।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सेवा कार्य करने की अपील
सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि वर्तमान में विंध्य कई समस्याओं से गुजर रहा है। बाढ़ के कारण भी कई क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में जन्मदिवस को सेवा और जनसहयोग के रूप में मनाना उचित होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी जरूरतमंद लोगों की मदद करने की अपील की।

कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में दो दिन में कार्रवाई का दावा
सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि घटना से वे आहत हैं और उनकी संवेदनाएं मृतका के परिजनों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही धरना स्थल पर पहुंचकर कल्पना मिश्रा के पिता से मुलाकात करेंगे। विधायक ने दावा किया कि मामले में दो दिन के भीतर बड़ी कार्रवाई होगी। हालांकि उन्होंने कार्रवाई की प्रकृति या संभावित कदमों को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी।

परिवार के राजनीतिक सफर का किया जिक्र
सिद्धार्थ तिवारी ने पत्रकारवार्ता में अपने परिवार के राजनीतिक सफर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1952 के बाद यह परिवार का दसवां चुनाव है और राजनीतिक सफर के 75वें वर्ष का पड़ाव है। उन्होंने कहा कि विंध्य की समस्याओं को लेकर लगातार काम करने की जरूरत है। मौजूदा परिस्थितियों में सेवा, राहत और जनसहयोग को प्राथमिकता देना जरूरी है।

संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की बात
विधायक ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के साथ-साथ कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि संबंधित मामले में आगे की कार्रवाई के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे।

Share