| |

कटनी में तिरपाल के नीचे पढ़ रहे बच्चें: निजी परिसर में चल रही कक्षाएं; मरम्मत और नए भवन की मांग

कटनी। जिले के बड़वारा विकासखंड स्थित ग्राम बम्हनगांव में संचालित शासकीय प्राथमिक शाला के बच्चे बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा के अभाव में तिरपाल के नीचे अपनी पढ़ाई कर रहे हैं।

हाल ही में इस बदहाली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारी एक्शन में आ गए है।

अधिकारियों के निर्देश पर निजी परिसर में चल रही कक्षाएं
शासकीय प्राथमिक शाला का भवन पूरी तरह जर्जर और खतरनाक हो चुका था। किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर स्कूल को एक निजी मकान के परिसर में अस्थायी रूप से शिफ्ट किया गया। वर्तमान में एक तरफ दीवार और दूसरी तरफ तिरपाल बांधकर बरामदे में कक्षाएं चलाई जा रही हैं।

प्रभारी प्राचार्य की लाचारी और बार-बार पत्राचार
शाला के प्रभारी प्राचार्य राकेश तिवारी ने बताया कि स्कूल भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। बच्चों की जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए ही इसे अस्थायी रूप से निजी परिसर में स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भवन के जीर्णोद्धार और मरम्मत के लिए विभाग को कई बार लिखित में सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।

जहरीले जीवों का खतरा और परिजनों का आक्रोश
स्थानीय नागरिक राजाराम पटेल और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग पर बच्चों की सुरक्षा की व्यवस्था नहीं करने क आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि नए स्थान पर न तो बाउंड्रीवॉल है और न ही बच्चों की सुरक्षा का कोई ठोस इंतजाम। खुला इलाका होने के कारण बारिश के मौसम में सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों का खतरा लगातार बना रहता है।

मरम्मत और नए भवन की मांग
अभिभावकों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द नए भवन का निर्माण किया जाए। यदि नया भवन बनने में समय लग रहा है, तो जर्जर भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि बच्चों को इस असुरक्षित माहौल और तिरपाल के नीचे न बैठना पड़े।

Share