| |

बड़वानी पीएम कॉलेज में खिलाड़ियों का प्रदर्शन: बोले- ढाई साल से नहीं हुई सुनवाई; 17 मांगों को लेकर धरने पर बैठे छात्र

बड़वानी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय शहीद भीमा नायक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान की बदहाल व्यवस्था को लेकर छात्र-छात्राओं ने बुधवार से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू कर दिया। एथलीट्स, खिलाड़ी और एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स सुबह से ही मैदान परिसर में धरने पर बैठे हैं।

छात्रों का कहना है कि वे पिछले करीब ढाई साल से खेल मैदान की अव्यवस्थाओं, सुरक्षा व्यवस्था और रख-रखाव की समस्याओं को लेकर कॉलेज प्रबंधन से शिकायत कर रहे हैं। कई बार लिखित ज्ञापन देने और प्राचार्य से चर्चा के बावजूद समाधान नहीं होने पर छात्रों ने शांतिपूर्ण धरना शुरू किया है।

खिलाड़ियों ने प्राचार्य को 17 मांग पत्र सौंपकर सभी मांगों पर लिखित समय-सीमा में कार्रवाई की मांग की है। खिलाड़ियों के अनुसार 400 मीटर 8-लेन लाल मिट्टी ट्रैक का समतलीकरण नहीं हुआ है। ट्रैक के कर्व वाले हिस्से में बारिश के दौरान पानी भर जाता है, जिससे अभ्यास प्रभावित होता है। छात्रों ने स्थायी नाली या पाइपलाइन की व्यवस्था करने की मांग की है।

लॉन्ग जंप पिट में मानक बालू रेत की जगह गिट्टी और मिट्टी होने की बात भी छात्रों ने कही है। उनका कहना है कि इससे खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान चोट लगने का खतरा रहता है।

हॉकी गेंद से चोट का डर, जिम के उपकरण भी खराब
छात्रों ने हॉकी मैदान और रनिंग ट्रैक के बीच सुरक्षा जाली लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि जाली नहीं होने से हॉकी की गेंद रनिंग ट्रैक की ओर आ जाती है और एथलीट्स को चोट लगने का खतरा रहता है।

खिलाड़ियों ने कॉलेज जिम के उपकरणों की स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। उनके अनुसार कई उपकरण जंग खाए और खराब पड़े हैं। मैदान के दोनों प्रवेश गेट पर सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं है। बाउंड्री वॉल नीची होने से शाम के समय असामाजिक तत्वों के मैदान में आने की शिकायत भी छात्रों ने की है।


शाम के अभ्यास के लिए फ्लड लाइट की मांग
छात्रों के मुताबिक पूरे मैदान में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने 400 वाट की एलईडी फ्लड लाइट लगाने और मैदान के गेट खुलने-बंद होने का समय निर्धारित करने की मांग की है। इसके अलावा मैदान में निजी और राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन तथा वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने की मांग भी की गई है।

महिला खिलाड़ियों ने बताई शौचालय की समस्या
महिला खिलाड़ियों ने बताया कि शौचालय और चेंजिंग रूम पर अक्सर ताला लगा रहता है। इसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। छात्रों ने खेल विभाग के लिए अलग स्टोर रूम बनाने और एथलेटिक्स, खो-खो, क्रिकेट व हॉकी के लिए अच्छी गुणवत्ता का खेल सामान उपलब्ध कराने की मांग की है।

ग्राउंड्समैन और संयुक्त प्रबंधन समिति की मांग
खिलाड़ियों ने मैदान की देखरेख के लिए स्थायी ग्राउंड्समैन नियुक्त करने की मांग की है। साथ ही कॉलेज प्रबंधन और खिलाड़ियों की संयुक्त प्रबंधन समिति बनाने का सुझाव दिया है। छात्रों ने जनभागीदारी के तहत खेल कर्मचारियों से नियमित कोचिंग दिलाने की मांग भी रखी है।

Share