राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले मालवा में सियासी हलचल: 17 सितंबर को नितिन नवीन इंदौर में, उज्जैन में मोहन भागवत; 25 लाख दीप जलेंगे

इंदौर। मध्य प्रदेश में 17 से 19 सितंबर के बीच बड़े राजनीतिक कार्यक्रम होने वाले हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे दो दिन पहले, 17 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इंदौर और उज्जैन के दौरे पर रहेंगे।
वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 17 और 18 सितंबर को उज्जैन में रहेंगे। उनके दो दिवसीय प्रवास में संघ की बैठक, स्वयंसेवकों से संवाद और युवाओं के कार्यक्रम शामिल हैं।

17 सितंबर को इंदौर आएंगे नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। 17 सितंबर को वे इंदौर में युवाओं से जुड़े एक बड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद वे उज्जैन पहुंचेंगे। यहां शिप्रा नदी के रामघाट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
रामघाट पर 25 लाख दीप जलाने की तैयारी
उज्जैन के रामघाट पर ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम के दौरान 25 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन और आयोजकों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। नितिन नवीन के उज्जैन प्रवास के दौरान उनकी डॉ. मोहन भागवत से मुलाकात होने की भी संभावना है।
17 सितंबर को उज्जैन पहुंचेंगे मोहन भागवत
RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत 17 सितंबर की दोपहर उज्जैन पहुंचेंगे। वे मनोरमा महाकाल गार्डन में संघ के प्रमुख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद वे अरविंद नगर में उज्जैन महानगर के स्वयंसेवकों से संवाद करेंगे और उन्हें मार्गदर्शन देंगे।
18 सितंबर को युवाओं से करेंगे संवाद
मोहन भागवत 18 सितंबर को सुबह 11 बजे देवास रोड स्थित गीता भवन में आयोजित ‘युवा धर्म संसद’ में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सेवाज्ञ संस्थानम् की ओर से आयोजित किया जा रहा है। यहां वे युवाओं को संबोधित करेंगे। उनके संघ कार्यालय ‘आराधना भवन’ जाने की भी संभावना बताई जा रही है।
19 सितंबर को राहुल गांधी का इंदौर कार्यक्रम
इन कार्यक्रमों के ठीक बाद 19 सितंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंदौर पहुंचेंगे। वे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर इंदौर में राजनीतिक गतिविधियां पहले से तेज हैं। कार्यक्रम की अनुमति और आयोजन स्थल को लेकर भी सियासी चर्चा चल रही है।
ऐसे में 17 से 19 सितंबर के बीच इंदौर और उज्जैन में भाजपा, संघ और कांग्रेस से जुड़े बड़े कार्यक्रम होंगे। लगातार तीन दिनों के इन कार्यक्रमों से मालवा-निमाड़ में राजनीतिक हलचल बढ़ने के साथ युवाओं पर फोकस भी नजर आ रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई
मोहन भागवत और नितिन नवीन के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों और तय रूट का निरीक्षण किया है। उज्जैन में मनोरमा महाकाल गार्डन, रामघाट और अन्य कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।