| |

धार में भाजपा की सेवा संकल्प अभियान को लेकर बैठक: 17 सितंबर से होगी शुरुआत; बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी

धार। प्रधानमंत्री मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक  ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा।

इसी को लेकर भाजपा बिड़वाल मंडल की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को किशनपुरा पंचायत के ग्राम पाजापाड़ा में आयोजित हुई। बैठक भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती के आतिथ्य में संपन्न हुई।

यह हुए शामिल 
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील मोदी, जिला सह कार्यालय मंत्री अनामिका ठाकुर, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष अक्षय शर्मा, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील वसुनिया, जिला पंचायत सदस्य विक्रम पटेल, जनपद सदस्य बाबूलाल गिरवाल, सरपंच भीमा भूरिया एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष पवन डोड अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई शुरुआत 
बैठक की शुरुआत मां सरस्वती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मंडल अध्यक्ष संतोष ढोलकिया ने स्वागत भाषण दिया। मंडल महामंत्री संदीप मरगला और वीरेन्द्रसिंह पटेल सहित कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे 
भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने बैठक को संबोधित करते हुए सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इस अवसर पर सेवा, जनकल्याण एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता का आह्वान
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव और बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई। अन्य अतिथियों ने भी बैठक को संबोधित किया।

बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ता 
बैठक के बाद सांसद सावित्री ठाकुर की ओर से 4 पंचायतों को दिए गए टैंकर भी सरपंचों व प्रतिनिधियों को भेंट किए गए। इस दौरान भाजपा मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share